देश के सबसे लंबे डबलडेकर फ्लाईओवर का CM नीतीश ने किया शिलान्यास
छपरा में बिहार का पहला व देश का सबसे लंबा डबलडेकर फ्लाईओवर बनाया जाएगा। सीएम नीतीश ने इस फ्लाईओवर का शिलान्यास किया। शिलान्यास समारोह के बारे में जानने के लिए पढें यह खबर।
पटना [जेएनएन]। बिहार के पहले और देश के सबसे लंबे डबल डेकर फ्लाईओवर का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को छपरा में शिलान्यास किया। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी और पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव समेत जदयू और भाजपा के मौजूद रहे।
छपरा के गांधी चौक से नगरपालिका चौक के बीच यह फ्लाईओवर बनेगा। इस फ्लाईओवर के निर्माण में कुल 411 करोड़ का खर्च आएगा। बिहार राज्य पुल निर्माण निगम की देखरेख में बनने वाले इस फ्लाईओवर का निर्माण अगले 4 वर्षों (2022 तक) के भीतर पूरा कर लिया जाएगा।
सीएम नीतीश ने कहा- जाम से मिलेगा छुटकारा
शिलान्यास के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि हमारा उद्देश्य बिहार के हर कोने को विकास के पथ पर ले जाना है। उन्होंने कहा कि इस डबलडेकर फ्लाईओवर के निर्माण से लोगों को जाम से निजात मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह देश में अपनी तरह का पहला फ्लाईओवर होगा। उन्होंने इसके लिए पथ निर्माण विभाग को धन्यवाद दिया और कहा कि विकास के लिए सबका साथ सबका सहयोग जरूरी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही एक और पुल का निर्माण कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार निरंतर प्रगति पथ पर अग्रसर है। नाली-गली योजना भी चलाई जा रही है। सभी घरों तक बिजली पहुंचाई जा रही है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में सरकार काम कर रही है। विकास और न्याय से कोई समझौता नहीं कर सकते हैं। बेटियों के लिए कन्या उत्थान योजना शुरू की गई है। बेटियों को जन्म से ग्रेजुएट होने तक 54 हजार रुपये की आर्थिक मदद की शुरुआत की गई है।
डिप्टी सीएम सुशील मोदी ने कहा- विकास के लिए जदयू-भाजपा गठबंधन हुआ है
डिप्टी सीएम सुशील मोदी ने कहा कि बंगाल में डबल डेकर बस की बात सुनते थे और अब तो बिहार में डबल डेकर पुल का शिलान्यास हुआ है। उन्होंने कहा कि सीएम नीतीश ने गावों का विकास किया है। नाली-गली योजना भी चलाई जा रही है बिहार के पुलों का टोल टैक्स खत्म किया गया है। मोदी ने कहा कि विकास के लिए ही जदयू-भाजपा का गठबंधन हुआ है।
छपरा के मशरक से गुजरेगी अयोध्या से जनकपुर जाने वाली सड़क
शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बिहार के पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव ने कहा कि अयोध्या से जनकपुर जाने वाली सड़क छपरा के मशरक से होकर गुजरेगी। बलिया से बक्सर को जोड़ने के लिए गंगा नदी पर एक और पुल बनाया जाएगा। पटना में रिंग रोड बनाया जा रहा है, उसके लिए भी सारण को जोड़ने के लिए एक और पुल बनाया जाएगा। कोईलवर में 6 लाइन का पुल बनाया जा रहा है। अगले वर्ष दो लेन पुल को चालू कर दिया जाएगा।
बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डेय ने कहा कि छपरा मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास अक्टूबर में होगा। सीवान में भी खुलेगा मेडिकल कालेज।
शिलान्यास के मौके पर पहुंचे गोपालगंज के सांसद जनक राम ने गोपालगंज में ट्रेज़री का रेकार्ड रूम बनाने की मांग की। साथ ही जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने पानापुर और तरैया के बीच गंडक नदी पर पुल बनाने तथा छपरा जेल को शहर से बाहर ले जाने की मांग की।