बिहार से दिल्ली-कामाख्या और एरणाकुलम-पटना तक स्पेशल ट्रेनें, त्योहारों में यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
रेलवे ने पूजा और आगामी त्योहारों में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए बिहार से दिल्ली, कामाख्या, एरणाकुलम सहित कई ...और पढ़ें

आनंद विहार-पाटलिपुत्र रोज चलेगी स्पेशल ट्रेन
HighLights
पूजा और त्योहारों के लिए रेलवे ने स्पेशल ट्रेनें चलाईं।
दिल्ली, कामाख्या, एरणाकुलम सहित कई रूटों पर परिचालन।
अक्टूबर से नवंबर तक यात्रियों को मिलेगी अतिरिक्त सुविधा।
संवादसूत्र, नया गाँव(सारण)। पूजा और आगामी पर्व-त्योहारों में यात्रियों की बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पूर्व मध्य रेल ने कई रूटों पर फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की घोषणा की है। सोनपुर, हाजीपुर, पाटलिपुत्र, बरौनी समेत बिहार के कई प्रमुख स्टेशनों से गुजरने वाली ट्रेनों की संख्या बढ़ाई जाएगी। अधिकांश स्पेशल ट्रेनों का परिचालन अक्टूबर से नवंबर के बीच होगा।
आनंद विहार-पाटलिपुत्र रोज चलेगी स्पेशल ट्रेन
आनंद विहार-पाटलिपुत्र स्पेशल (04096/04095) एक अक्टूबर से 30 नवंबर तक प्रतिदिन चलेगी। यह ट्रेन छपरा और दीघवारा होते हुए पाटलिपुत्र पहुंचेगी। त्योहार के दौरान दिल्ली से बिहार आने वाले यात्रियों को इससे अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
बरौनी और मुजफ्फरपुर के लिए भी अतिरिक्त सुविधा
पोत्तनूर-बरौनी स्पेशल (06021/06022) चार अक्टूबर से चार नवंबर तक चलेगी। यह ट्रेन पाटलिपुत्र, सोनपुर और हाजीपुर होते हुए बरौनी जाएगी। वहीं आनंद विहार-मुजफ्फरपुर स्पेशल (04028/04027) 13 अक्टूबर से 25 नवंबर तक निर्धारित दिनों में चलेगी।
जोगबनी और मुजफ्फरपुर रूट पर भी स्पेशल ट्रेन
आनंद विहार-जोगबनी स्पेशल (04008/04007) 10 अक्टूबर से आठ नवंबर तक शनिवार और रविवार को चलेगी। इसके मार्ग में हाजीपुर, शाहपुर पटोरी, बरौनी, बेगूसराय, खगड़िया, मानसी, नवगछिया, कटिहार और पूर्णिया शामिल हैं। योगनगरी ऋषिकेश-मुजफ्फरपुर स्पेशल (04314/04313) भी चार अक्टूबर से 30 नवंबर तक रविवार और सोमवार को चलेगी।
दिल्ली-कामाख्या और एरणाकुलम-पटना के लिए भी ट्रेनें
रेलवे ने चंडीगढ़-पटना, फिरोजपुर कैंट-पटना, एरणाकुलम-पटना, दिल्ली-सुपौल, शकूरबस्ती-दरभंगा और दिल्ली-कामाख्या के बीच भी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की है। इससे बिहार आने-जाने वाले यात्रियों को लंबी दूरी के कई रूटों पर अतिरिक्त ट्रेन विकल्प मिलेगा।
लौकहा बाजार के लिए रोज स्पेशल ट्रेन
आनंद विहार-लौकहा बाजार स्पेशल का प्रतिदिन परिचालन 30 नवंबर तक जारी रहेगा। रेलवे के अनुसार त्योहार के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए इन ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। अतिरिक्त ट्रेनों से यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
