सारण: पंखे से लटका मिला विवाहिता का शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, होटल-दुकान फूंकी, लाखों का नुकसान
मृत महिला के पति रितेश कुमार सिंह की सूचना पर पहुंचे मढ़ौरा एसडीपीओ नरेश पासवान एवं मशरक पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया। महिला का शव पंखे के फंदे से लटका हुआ था। पति ने आत्महत्या करने की बात कही।
संवाद सूत्र, मशरक (सारण): थाना क्षेत्र अंतर्गत बंगरा गांव में मंगलवार देर रात विवाहिता का शव संदिग्ध अवस्था में पुलिस ने बरामद किया। पुलिस ने बुधवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया। घटना की सूचना पर पहुंचे मृतक महिला के मायके वालों ने जमकर उत्पात मचाया। साथ ही उच्चाधिकारी को बुलाने की मांग की।
इस बीच, घटना से आक्रोशित लोगों ने बगल के किराये की जमीन पर चल रहे सिंह लाइन होटल एवं टायर की दुकान में आग लगा दी। इसमें लाखों की संपत्ति का नुकसान हुआ है। पुलिस जांच पड़ताल शुरू कर दी है। हालांकि, पुलिस को अभी तक किसी ने आवेदन नहीं दिया है।
मृत महिला के पति रितेश कुमार सिंह की सूचना पर पहुंचे मढ़ौरा एसडीपीओ नरेश पासवान एवं मशरक पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया। महिला का शव पंखे के फंदे से लटका हुआ था। पति ने आत्महत्या करने की बात कही। पुलिस ने मृतका के पति रितेश कुमार सिंह को हिरासत में ले लिया। मृत महिला के मायके वालों ने उसके पति समेत अन्य स्वजन पर फांसी पर लटका कर मारने का आरोप लगाया है।
साल 2017 में हुई थी शादी
मृतक महिला की पहचान बंगरा गांव निवासी रितेश कुमार सिंह की 26 वर्षीय पत्नी रूबी देवी के रूप में हुई। मृत महिला के भाई अमनौर थाना क्षेत्र के सहादी गांव निवासी राकेश कुमार सिंह पिता रामनरेश सिंह ने बताया कि उसकी बहन रूबी देवी की शादी वर्ष 2017 के फरवरी में बंगरा निवासी प्रो. सुरेन्द्र सिंह के पुत्र रितेश कुमार सिंह के साथ हुई थी। शादी के बाद दहेज में स्कार्पियो की मांग को लेकर बराबर ताना दिया जाता था।
फोन पर दी मौत की सूचना
भाई के मुताबिक, मंगलवार रात फोन पर सूचना दी गई कि उनकी बहन की मौत हो गई है। वहां जब वे पहुंचे तो देखा कि उनकी बहन का शव पड़ा है। गर्दन पर गहरा जख्म है। आक्रोशित मायके वालों ने पति के किराए पर दिए सिंह होटल में आग लगा दी। मौके पर पहुंचकर फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया। एसडीपीओ ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पति को गिरफ्तार किया गया है। आवेदन मिलने पर प्राथमिकी की जाएगी।