वोट फीसद बढ़ाने को ले तेज हुआ जागरुकता अभियान
विधानसभा चुनाव में वोट फीसद बढ़ाने को लेकर सघन जागरुकता अभियान चलाया जाएगा।
छपरा। विधानसभा चुनाव में वोट फीसद बढ़ाने को लेकर सघन जागरुकता अभियान चलाया जाएगा। इसको लेकर निर्वाचन आयोग ने विशेष कैंपेन चलाने को कहा है। सारण जिले में शत फीसद मतदान करने के लिए सोशल मीडिया से लेकर जागरुकता रैली, नुक्कड़-नाटक के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। सारण जिले में लोकसभा चुनाव -2014 में 53.86 फीसद, विधानसभा चुनाव-2015 में 53.41 फीसद एवं लोकसभा चुनाव-2019 में 55.12 फीसद मतदान हुआ था। निर्वाचन आयोग ने प्रत्येक विधानसभा में अधिक से अधिक पोल कराने का प्रयास करने को कहा है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन प्रखंड विकास पदाधिकारी को वोट फीसद बढ़ाने के लिए जागरुकता अभियान चलाने का निर्देश दिए हैं। इसको लेकर स्वीप कोषांग सोशल मीडिया पर मतदाता जागरुकता को ले कैंपेन चलाने का निर्णय लिया है। इसके लिए फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम, वाट्सएप का सहारा लिया जाएगा। जिला स्तर पर भी अलग पेज बनाया जाएगा। सोशल साइट्स के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इसमें महिला वोटर एवं युवा वोटर पर फोकस किया जा रहा है, ताकि महिला एवं युवा वोटर अधिक से अधिक वोट करने के लिए मतदान केंद्र पर पहुंच सकें। महिला वोटर को मतदान करने के लिए प्रेरित करने के लिए महिलाकर्मी को अधिक से अधिक मतदान केंद्र पर तैनात करने की योजना बनाई जा रही है। आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका को घर -घर जाकर जागरुकता अभियान चलाने एवं रैली निकालने को कहा गया है। वोटर जागरुकता रथ भी गांवों में जाएगा। इसमें मतदाताओं को ईवीएम से कैसे वोट दिया जाता है, इसकी जानकारी मतदाताओं को दी जा रही है।
शहर में मतदाता जागरुकता को ले पोस्टर, बैनर, होर्डिग्स लगाए जा रहे हैं। साथ ही नुक्कड़-नाटक किया जा रहा है। इतना ही नहीं पिछले चुनाव में जिन मतदान केंद्रों पर मतदान का प्रतिशत कम रहा वैसे मतदान केंद्रों को चिह्नित कर वहां के मतदाताओं को विशेष रूप से जागरूक करने को लेकर अभियान चलाया जाएगा।
लोकसभा व विधानसभा चुनाव में मतदान फीसद
विधानसभा - लोकसभा (2014) - विधानसभा (2015) - लोकसभा (2019)
113 एकमा - 49.54 - 49.67 - 50.8.3
114 मांझी - 49.69 - 50.95 - 51.85
115 बनियापुर - 51.28 - 50.57 - 53.68
116 तरैया - 50.96 - 51.69 - 56.36
117 मढ़ौरा - 57.08 - 57.03 - 57.11
118 छपरा - 52.57 - 51.90 - 52.81
119गड़खा(अ.जा.)- 58.53 - 55.61 - 57.60
120 अमनौर -55.15 - 53.95 - 56.32
121 परसा - 55.3 - 55.49 - 56.87
122 सोनपुर - 58.51 - 58.58 - 58.77