मढ़ौरा में गला रेत कर किशोर की हत्या
छोटका नौतन गांव में आठ वर्षीय बच्चे की गला रेतकर हत्या कर दी गई। सोमवार सुबह उसका शव ईट भट्ठे के समीप झाड़ी से बरामद किया गया।
संसू, मढ़ौरा : छोटका नौतन गांव में आठ वर्षीय बच्चे की गला रेतकर हत्या कर दी गई। सोमवार सुबह उसका शव ईट भट्ठे के समीप झाड़ी से बरामद किया गया। बच्चे की पहचान नौतन अजा बस्ती निवासी सिकंदर राम के आठ वर्षीय पुत्र विकेश कुमार के रूप में की गई।
परिजनों ने बताया कि रविवार दोपहर करीब दो बजे विकेश घर से निकला था। देर शाम तक नहीं लौटा तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। लेकिन उसका पता नहीं चला। सोमवार सुबह में गांव के बच्चे भट्ठा के बगल में स्थित बगीचे में महुआ चुनने गए थे। इसी क्रम में उनकी नजर शव पर पड़ी। बच्चों ने शोर मचाया। ग्रामीण जुटे तब शव की पहचान हुई। इसकी जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष रामबालेश्वर राय पहुंचे। विकेश की हत्या धारदार हथियार से गला रेत कर की गई थी। गर्दन का तीन चौथाई हिस्सा कट चुका था। बायें हाथ पर भी जख्म के गहरे निशान थे। जिस बेरहमी से हत्या की गई, उससे पुलिस अधिकारी भी अचंभित थे। थानाध्यक्ष ने कहा कि जांच-पड़ताल की जा रही है।