सारण में बाढ़ के कारण बच्चों की पढ़ाई पर लगा ब्रेक, सोनपुर और छपरा सदर समेत 95 स्कूल बंद
सारण जिले में बाढ़ के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हुई है, जहां सोनपुर और छपरा सदर सहित कुल 95 स्कूल अगले आदेश तक बंद कर दिए गए हैं।

सोनपुर और छपरा सदर समेत 95 स्कूल बंद (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
सारण में बाढ़ के कारण 95 स्कूल बंद।
सोनपुर और छपरा सदर में सर्वाधिक स्कूल प्रभावित।
शिक्षकों को नजदीकी विद्यालयों में किया गया अटैच।
जागरण संवाददाता, छपरा। सोनपुर से लेकर छपरा सदर तक बाढ़ का पानी अब बच्चों की पढ़ाई की राह में भी बाधा बनने लगा है। नदियों का पानी स्कूल परिसरों में घुसने और नए इलाकों में लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सारण जिले के 95 विद्यालयों को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है। सबसे अधिक 47 विद्यालय सोनपुर प्रखंड में बंद किए गए हैं।
वहीं दिघवारा में 17, छपरा सदर में 20, गड़खा में छह और रिविलगंज में पांच विद्यालय प्रभावित हैं। जिला शिक्षा पदाधिकारी निशांत किरण की ओर से स्पष्ट किया गया है कि पानी निकलने के 24 घंटे के भीतर विद्यालयों को दोबारा खोलने का आदेश जारी कर दिया जाएगा।
पानी बढ़ने के साथ बढ़ी स्कूल बंद करने की मजबूरी
बाढ़ प्रभावित इलाकों में कई विद्यालयों के परिसर में पानी प्रवेश कर गया है। कुछ स्थानों पर विद्यालय तक पहुंचने वाले रास्ते भी जलमग्न हैं। ऐसे में बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विद्यालयों में पठन-पाठन स्थगित किया गया है। प्रशासन की नजर उन इलाकों पर भी है, जहां पानी तेजी से बढ़ रहा है। स्थिति के अनुसार अन्य विद्यालय भी प्रभावित हो सकते हैं।
शिक्षकों को नजदीकी स्कूलों में किया गया अटैच
विद्यालय बंद रहने की अवधि में वहां पदस्थापित शिक्षकों को आसपास के दूसरे विद्यालयों में अटैच किया गया है। इसका उद्देश्य यह है कि शिक्षक बाढ़ के कारण खाली न बैठें और उनकी सेवाओं का उपयोग नजदीकी विद्यालयों में किया जा सके। इससे प्रभावित क्षेत्रों के स्कूलों में शिक्षकों की उपलब्धता भी बनी रहेगी।
बच्चों को पास के विद्यालय में पढ़ने का विकल्प
बंद विद्यालयों के बच्चों की पढ़ाई पूरी तरह ठप न हो, इसके लिए उन्हें अपनी इच्छा के अनुसार आसपास के विद्यालयों में जाकर पढ़ाई करने की सुविधा दी गई है। प्रशासन का जोर इस बात पर है कि बाढ़ के कारण स्कूल भवन भले बंद रहें, लेकिन बच्चों की पढ़ाई का सिलसिला पूरी तरह न टूटे।
सारण में बाढ़ प्रभावित स्कूलों का विवरण
| प्रखंड | बाढ़ से बंद विद्यालय की संख्या |
|---|---|
| सोनपुर | 47 |
| दिघवारा | 17 |
| रिविलगंज | 05 |
| गड़खा | 06 |
| छपरा सदर | 20 |
| कुल | 95 |
