छपरा-सिवान NH-531 पर एक के बाद एक भिड़े 4 ट्रक, जेसीबी की मदद से फंसे ड्राइवर को निकाला बाहर
छपरा-सिवान NH-531 पर एकमा के पास शुक्रवार भोर में चार ट्रकों की टक्कर हो गई, जिसमें एक चालक गंभीर रूप ...और पढ़ें

एक के बाद एक भिड़े 4 ट्रक
HighLights
छपरा-सिवान NH-531 पर चार ट्रकों की टक्कर हुई।
एक चालक गंभीर रूप से घायल, पैर वाहन में फंसा।
पुलिस ने जेसीबी से चालक को निकालकर अस्पताल भेजा।
संवाद सूत्र, एकमा (सारण)। छपरा-सिवान एनएच-531 पर एकमा थाना क्षेत्र के अलख नारायण सिंह उच्च विद्यालय के समीप शुक्रवार की भोर करीब तीन बजे सड़क दुर्घटना में एक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद करीब एक किलोमीटर तक दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। पुलिस ने करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद सड़क पर आवागमन बहाल कराया।
बताया जाता है कि सड़क किनारे पहले से एक ट्रक खड़ा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक ट्रक ने खड़े ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। इसके पीछे आ रहे दूसरे ट्रक की भी पहले वाले ट्रक से भिड़ंत हो गई। इसी क्रम में सामने से आ रहे एक अन्य ट्रक की भी पीछे वाले ट्रक से टक्कर हो गई। दुर्घटना में एक ट्रक के चालक का पैर वाहन में फंस गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया
घटना की सूचना मिलने पर एकमा थाने की पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने दो जेसीबी और एक हाईवा की सहायता से काफी प्रयास के बाद वाहन में फंसे चालक के पैर को बाहर निकाला। इसके बाद घायल चालक को उपचार के लिए एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।

दुर्घटना के कारण एनएच-531 पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस और बचाव दल ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर करीब ढाई घंटे बाद यातायात सामान्य कराया। घटना के कारण रात में काफी देर तक वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
