दो मासूम समेत 11 व्यक्ति पाए गए कोरोना पॉजिटिव
दो बच्चों समेत 11 लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। ये सभी लोग प्रवासी हैं।
जासं, छपरा : दो मासूम बच्चों समेत 11 नए कोरोना पॉजिटिव शनिवार को पाए गए। इसके साथ ही जिले में पॉजिटिव मरीजों की संख्या शतक पार कर गयी। अब तक पॉजिटिव मरीजों की संख्या 103 पहुंच गई है। हालांकि इनमें से 36 संक्रमित स्वस्थ होकर अपने घर जा चुके हैं। नए पॉजिटिव पाए गए सभी लोग पंजाब, हरियाणा, गुजरात, दिल्ली तथा मुंबई से लौटने वाले हैं।
नए मिले पॉजिटिव में दरियापुर प्रखंड के मलहीचक गांव के 25 वर्ष तथा 20 वर्ष के दो सगे भाई भी हैं। इनके अलावा खानपुर गांव का छह वर्षीय बालक, दरिहारा चतुर्भुज गांव का 21 वर्षीय युवक, मलहीचक गांव का छह वर्षीय बालक, सोनपुर प्रखंड के शिकारपुर गांव का 18 वर्षीय युवक, मशरक प्रखंड के हरपुर गांव का 36 वर्षीय युवक, बनियापुर प्रखंड के हरिहरपुर गांव के 67 वर्षीय वृद्ध, परसा प्रखंड के शंकरडीह गांव का 19 वर्षीय युवक, बनकेरवा गांव का 28 वर्षीय तथा 40 वर्षीय युवक को संक्रमित पाया गया है।
हरिहरपुर के वृद्ध, शंकरडीह के एक युवक तथा बनकेरवा के दोनों युवक, मलहीचक गांव के बच्चे और दोनों युवक दिल्ली से आए हैं। जबकि मशरक प्रखंड के हरपुर गांव के युवक पंजाब से आया है। वही सोनपुर प्रखंड के शिकारपुर गांव के गुजरात से वापस आया है। दरियापुर प्रखंड के दियारा चतुर्भुज गांव के युवक मुंबई से अपने घर आया है। बनियापुर को छोड़कर सभी अपने प्रखंड के क्वारंटाइन सेंटर में रह रहे थे।
रेड जोन से आने वाला प्रवासी निकला कोरोना पॉजिटिव
संसू, बनियापुर : रेड जोन घोषित दिल्ली से आने वाला हरिहरपुर गांव का व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। बताया जाता है कि उक्त व्यक्ति अपने पुत्र के साथ 28 मई को दिल्ली से आया। आने के बाद अस्पताल गया। थर्मल स्क्रीनिंग कर उसे छोड़ दिया गया। इसके बाद पिता-पुत्र घर चले आए। दिल्ली से आने के चार दिन बाद पिता तथा पुत्र दोनों की तबीयत बिगड़ने लगी। जिस पर दोनों ने पहले लोकल डॉक्टर से इलाज का प्रयास किया। लेकिन स्थानीय डॉक्टरों इलाज करने से इंकार कर दिया तब दोनों छपरा इलाज के लिए पहुंच गए। जहां इलाज के दौरान पिता की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तो पहुंच कर ट्रेवल हिस्ट्री तो ले रही थी। लेकिन सूचना के चार घंटे बाद भी मेडिकल टीम की कोई आता पता तक नहीं रहा। लोगों का कहना था कि कोरोना का पॉजिटिव मरीज के घर के लोगों की जांच मेडिकल टीम को करना है। उसी टीम का यहां आता पता तक नहीं है। यह एक अजीब विडम्बना है।
रेड जोन से आए प्रवासियों को रखना था क्वारंटाइन में
सरकार के निर्देश के मुताबिक दिल्ली, महाराष्ट्र, कोलकाता, गुजरात आदि सहित सात शहरों को रेड जोन में रखा गया है। जिसमें सरकार का निर्देश था कि उक्त जगह से आने वाले सभी प्रवासियों को क्वारंटाइन करना अनिवार्य किया गया था। लेकिन यहां स्वास्थ्य विभाग के द्वारा सरकार के इस आदेश का पालन नहीं कर रेड जोन से आने वाले इस प्रवासियों को भी होम क्वारंटाइन किया गया।