गैस सिलेंडर में लगी आग से झुलसकर युवक की मौत
ताजपुर थाना क्षेत्र के ताजपुर वार्ड संख्या 4 स्थित दफाली टोला में शुक्रवार को खाना बनाने के क्रम में गैस लीक होने से सिलेंडर में आग पकड़ लिया।
समस्तीपुर । ताजपुर थाना क्षेत्र के ताजपुर वार्ड संख्या 4 स्थित दफाली टोला में शुक्रवार को खाना बनाने के क्रम में गैस लीक होने से सिलेंडर में आग पकड़ लिया। इस घटना में घर का मुखिया स्व.उस्मान के पुत्र नसीम (32) वर्ष की झुलसकर मौत हो गई। घटना के बारे में बताया गया कि शुक्रवार की सुबह मो. नसीम इंडेन गैस का सिलेंडर लेकर आया। सिलेंडर लगाने के बाद वह पत्नी को चाय बनाने के लिए बोला। जैसे ही चाय बनाने के लिए पत्नी चूल्हा जलाया कि सिलेंडर का बासर लीक करने के कारण तेजी से आग पकड़ लिया। पत्नी हल्ला करते हुए भागी। जबकि नसीम आग बुझाने के लिए दौड़ा। आग बुझाने के क्रम में वह बुरी तरह झुलस गया। जिससे घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई। मौके पर ताजपुर पुलिस ने पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ताजपुर पुलिस की सूचना पर अग्निशामक की टीम मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। थानाध्यक्ष विश्वजीत कुमार ने बताया कि गैस लीक होने के कारण आग लगी है, जिसमें झुलसकर नसीम की मौत हुई। बताते चलें की नसीम गोला रोड ताजपुर में परचुन की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। परिवार में पत्नी और एक वर्षीय पुत्र के सामने संकट का पहाड़ टूट पड़ा है।
विभूतिपुर प्रखंड की भरपुरा पटपारा पंचायत अंतर्गत बलाही चौर में शुक्रवार को अचानक आग लगने से करीब 25 एकड़ में लगी ईख की फसल जल कर राख हो गई। इससे किसानों को काफी क्षति पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है। बताया गया है कि बलाही चैर में अचानक आग लग गई। गन्ना की सूखी पत्तियों में आग लगी। इसकी लपटें काफी तेज हो गयी और करीब 25 एकड़ में लगी गन्ना की फसल बर्बाद हो गई। पूछे जाने पर अंचलाधिकारी उदयकांत मिश्र ने बताया कि राजस्व कर्मचारी को स्थल निरीक्षण के लिए भेजा गया है। आकलन के बाद रिपोर्ट की जाएगी। अग्नि से फसल क्षति के मुआवजा का प्रावधान है। पीड़ित किसानों को मुआवजा दिया जाएगा। इधर, इस घटना की सूचना मिलते ही भाजपा नेता और विधानसभा सह प्रभारी अरविन्द कुमार अपने कार्यकर्ताओं के साथ स्थल पर पहुंचकर किसानों से मिले और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। साथ ही आलाघिकारियों से वार्ता कर पीड़ित किसानों को मुआवजे की राशि जल्द उपलब्ध कराने की बातें भी कही। उन्होंने बताया कि स्थल निरीक्षण के क्रम में दर्जनों किसानों के पीड़ित होने की बातें सामने आयी है। वहीं स्थानीय विधायक रामबालक ¨सह ने सूचना मिलते ही प्रभावित स्थल पर पहुंचकर मुआयना किया। साथ ही किसानों को जल्द मुआवजा दिलाने के लिए सरकार से बात करने की बातें कही। मौके पर रामाकांत राय, सुरेश राय आदि थे।