पति की लंबी आयु की कामना, महिलाओं ने किया करवा चौथ
अखंड सुहाग को लेकर महिलाओं ने गुरुवार को करवा चौथ का व्रत रखा। सुबह में संकल्प लेकर दिनभर निर्जला व्रत रखा। इसके कारण सूर्योदय से पूर्व ही विभिन्न मंदिरों में सुहागिनों ने पूजा-अर्चना की।
समस्तीपुर । अखंड सुहाग को लेकर महिलाओं ने गुरुवार को करवा चौथ का व्रत रखा। सुबह में संकल्प लेकर दिनभर निर्जला व्रत रखा। इसके कारण सूर्योदय से पूर्व ही विभिन्न मंदिरों में सुहागिनों ने पूजा-अर्चना की। दिन में जगह-जगह व्रत कथा का आयोजन किया गया। जहां पर पहुंचकर व्रतियों ने कथा का श्रवण किया। अपने पति की दीर्घायु जीवन की कामना को लेकर यह व्रत हर साल किया जाता है। शाम में छलनी से चंद्रमा का दर्शन करने के बाद अपने पति का भी चलनी से ही दर्शन किया। पति द्वारा जल पिलाकर व्रत समाप्त कराया गया। इसके कारण सुबह से ही सभी घरों में चहल पहल देखी गई।
रोसड़ा,संस : अखंड सुहाग की कामना के साथ सुहागिनों ने विधि-विधान के साथ करवा चौथ का निर्जला व्रत रखा। सूर्योदय से पूर्व ही स्नान एवं संकल्प के साथ प्रारंभ हुआ। व्रत के दौरान पूरे दिन महिलाएं श्रद्धा और भक्ति से ओत-प्रोत रही। जगह-जगह मुहल्लों में टोलियों में बंटे विवाहिताओं का कथा श्रवण भी जारी था। रंग-बिरंगे परिधानों में सजी व्रती महिलाएं एक-दूसरे को सजाने-संवारने में भी लगी थी। दोपहर बाद तक जगह-जगह कथा वाचन अनुष्ठान जारी रहा। तत्पश्चात संध्या काल में चन्द्रमा निकलते ही पूजा आरती के बीच चलनी से दीपक व चंद्रमा को देखने के पश्चात सभी व्रती महिलाएं उसी चलनी से अपने पतिदेव का दर्शन की। उनके द्वारा ही जल ग्रहण कराकर व्रत को सम्पन्न कराया गया। पूरे दिन मुहल्लों में श्रद्धा व भक्ति का माहौल कायम रहा।