विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

समस्तीपुर में आसमान से गिरा ‘मेड इन कोरिया’ लिखा डिजिटल लाइट वाला उपकरण, ग्रामीणों में हड़कंप

Published: Thu, 22 Oct 2026 10:13 PM (GMT+05:30)

समस्तीपुर के विभूतिपुर में आसमान से 'मेड इन कोरिया' लिखा एक डिजिटल लाइट वाला उपकरण गिरा, जिससे ग्रामीणों में दहशत ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. आसमान से गिरा 'मेड इन कोरिया' लिखा डिजिटल उपकरण।

  2. पुलिस ने उपकरण को सुरक्षित कब्जे में लेकर जांच की।

  3. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग का रेडियोसोंड उपकरण निकला।

संवाद सहयोगी, विभूतिपुर (समस्तीपुर)। Weather Balloon Found Samastipur: समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर प्रखंड क्षेत्र के बाजिदपुर बम्बैया वार्ड संख्या चार स्थित बेलसंडी डीह गांव में गुरुवार देर शाम एक ऐसी घटना घटी, जिसने कुछ देर के लिए पूरे इलाके में सनसनी फैला दी।

आसमान से डिजिटल लाइट चमकता हुआ एक अज्ञात उपकरण अचानक स्थानीय निवासी बंशीधर मिश्र के दरवाजे पर आ गिरा।

आसमान से रहस्यमयी वस्तु के गिरने की खबर फैलते ही ग्रामीणों में दहशत और उत्सुकता का माहौल बन गया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं।

उपकरण को देख बढ़ा कौतूहल

ग्रामीणों के अनुसार, उस रहस्यमयी उपकरण पर संभवतः 'मेड इन कोरिया' लिखा हुआ था, जिसके बाद लोगों का डर और अधिक बढ़ गया।

किसी को समझ नहीं आ रहा था कि आखिर यह चमकती हुई चीज आसमान से कहां से टपक पड़ी है। लोग इसे अंतरिक्ष या जासूसी उपकरण मानकर तरह-तरह के कयास लगाने लगे।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाने की पुलिस तुरंत हरकत में आई और दल-बल के साथ मौके पर पहुंच गई। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने बिना देर किए उस चमकते हुए उपकरण को अपने कब्जे में ले लिया और सुरक्षित थाने ले आई।

मौसम विभाग का गुब्बारा होने की पुष्टि

थाने में पदस्थापित दरोगा अरसद इमाम अंसारी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि यह भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) का रेडियोसोंड (Radiosonde) उपकरण प्रतीत होता है, जिसे मौसम की जानकारी जुटाने के लिए बड़े-बड़े गुब्बारों के सहारे हवा में छोड़ा जाता है। उन्होंने बताया:

इस उपकरण के जरिए वायुदाब, वायुमंडल में हवा की गति, तापमान और आर्द्रता (Humidity) का सटीक डेटा जुटाया जाता है।

संभवतः ऊंचाई पर जाने के बाद इसका हाइड्रोजन गैस वाला गुब्बारा फट गया होगा, जिसके कारण यह उपकरण धीरे-धीरे नीचे जमीन पर आ गिरा।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह पूरी तरह से सुरक्षित है और इससे घबराने की कोई जरूरत नहीं है। इसमें बैटरी लगी हुई थी, जिसे सुरक्षित निकाल दिया गया है।

पुलिस ने इस अजीबोगरीब वाकये की सूचना संबंधित मौसम विज्ञान विभाग को दे दी है। हालांकि, कुछ देर के लिए ही सही, लेकिन 'मेड इन कोरिया' लिखे इस उपकरण ने पूरे इलाके के लोगों को सांस रोककर सोचने पर जरूर मजबूर कर दिया था।