विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

समस्तीपुर के विभूतिपुर में अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, गांव में पसरा मातम

Published: Thu, 25 Jun 2026 03:42 PM (IST)

Road Accident Bihar: समस्तीपुर के विभूतिपुर में अज्ञात वाहन की टक्कर से 25 वर्षीय युवक राजीव कुमार की मौत हो ...और पढ़ें

मृतक राजीव कुमार उर्फ टीना की फाइल फोटो। सौ. स्वजन व रोते-बिलखते स्वजन व मौजूद ग्रामीण। फोटो सौ. जागरण

मृतक राजीव कुमार उर्फ टीना की फाइल फोटो। सौ. स्वजन व रोते-बिलखते स्वजन व मौजूद ग्रामीण। फोटो सौ. जागरण 

संवाद सहयोगी, विभूतिपुर (समस्तीपुर)। Road Accident Biha: समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई।

अज्ञात वाहन की टक्कर से जख्मी हुए युवक को पहले स्थानीय स्तर पर उपचार दिलाया गया, लेकिन बेहतर इलाज के लिए रेफर किए जाने के बाद बेगूसराय ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

घर लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के सिंघियाघाट-दलसिंहसराय मुख्य मार्ग पर कल्याणपुर बैंती पार मंदिर के समीप यह हादसा हुआ। मृतक की पहचान महमदपुर सकड़ा वार्ड संख्या एक स्थित तरुनियां टोला निवासी स्वर्गीय रामप्रवेश राय के लगभग 25 वर्षीय पुत्र राजीव कुमार उर्फ टीना के रूप में हुई है।

बताया गया है कि राजीव के घर के समीप एक शादी समारोह आयोजित था, जिसमें वह रात में शामिल हुआ था। गुरुवार सुबह वह एक रिश्तेदार को छोड़ने गया था और वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।

इलाज के दौरान तोड़ा दम

हादसे के बाद स्थानीय लोगों और स्वजनों की मदद से घायल युवक को दलसिंहसराय के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।

स्वजन उसे इलाज के लिए बेगूसराय ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। हादसे के करीब चार घंटे बाद युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल

मृतक की मां श्यामा देवी सहित अन्य स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। राजीव तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके बड़े भाइयों के नाम सिकंदर कुमार और राहुल कुमार बताए गए हैं।

युवक की असमय मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।

शव पहुंचते ही सड़क जाम

एम्बुलेंस से जैसे ही युवक का शव गांव पहुंचा, आक्रोशित ग्रामीणों ने तरुनियां चौक पर शव रखकर कुछ समय के लिए सड़क जाम कर दिया। इससे आवागमन प्रभावित हो गया।

घटना की सूचना मिलने पर विभूतिपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया। इसके बाद यातायात सामान्य हो सका।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा ने बताया कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान और मामले की जांच में जुटी हुई है।