समस्तीपुर के विभूतिपुर में नशे में हंगामा करते ASI गिरफ्तार, मेडिकल जांच में शराब की पुष्टि
Bihar Police News: समस्तीपुर के विभूतिपुर में एएसआई रिंकू सिंह को शराब के नशे में हंगामा करने के आरोप में ...और पढ़ें

नशे की हालत में लोगों से घिरे एएसआई रिंकू सिंह। जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, विभूतिपुर (समस्तीपुर)। Samastipur Police Case: समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र में एक एएसआई को शराब के नशे में हंगामा करना महंगा पड़ गया। पुलिस ने आरोपी एएसआई को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पहचान विभूतिपुर थाना में पदस्थापित रिंकू सिंह के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के खोकसाहा स्थित एक होटल के पास एएसआई रिंकू सिंह शराब के नशे में हंगामा कर रहा था। इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और मामले की सूचना थानाध्यक्ष को दी गई।
आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। स्थानीय लोगों ने आरोपी एएसआई के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए मेडिकल जांच कराने पर जोर दिया। इसके बाद कराई गई चिकित्सकीय जांच में शराब सेवन की पुष्टि हुई।
थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आरोपी के खिलाफ सनहा दर्ज कर उसे न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया गया है। बाद में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विभूतिपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे कस्टडी के लिए फिट घोषित किया।
एक माह पूर्व भी इसी तरह की घटना
बताया जाता है कि करीब एक माह पूर्व भी उक्त एएसआई न्यू रिमझिम होटल में पहुंचा था, जहां उसने कथित तौर पर एक युवक से पिस्टल लेकर होटल कर्मियों के सामने लहराई थी और मिठाई की कीमत को लेकर विवाद किया था। हालांकि उस समय मामला शांत करा दिया गया था।
रविवार की शाम वह दोबारा उसी होटल के पास पहुंचा और नशे की हालत में हंगामा करने लगा। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। अधिवक्ता रंजीत कुमार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए सवाल उठाया है कि आरोपी एएसआई ने शराब कहां पी और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं।
इस घटना ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, अपने ही विभाग के कर्मी पर कार्रवाई कर पुलिस ने सख्ती का संदेश देने की कोशिश की है।
