विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

समस्तीपुर के उजियारपुर स्थित हनुमान मंदिर से चांदी की लक्ष्मी गणेश मूर्ति और चढ़ावा चोरी

Published: Sat, 19 Sep 2026 05:50 PM (IST)

समस्तीपुर के उजियारपुर स्थित हनुमान मंदिर से चांदी की लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां और 1100 रुपये का चढ़ावा चोरी हो गया ...और पढ़ें

मंदिर में खाली पड़ा लक्ष्मी-गणेश का सिंहासन दिखाते पुजारी। फोटो: जागरण

मंदिर में खाली पड़ा लक्ष्मी-गणेश का सिंहासन दिखाते पुजारी। फोटो: जागरण

HighLights

  1. उजियारपुर हनुमान मंदिर से चांदी की मूर्तियां चोरी हुईं।

  2. लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां और 1100 रुपये का चढ़ावा गायब।

  3. पुजारी ने तीन युवकों पर चोरी का आरोप लगाया।

संवाद सहयोगी, उजियारपुर (समस्तीपुर)। समस्तीपुर के उजियारपुर स्टेशन रोड स्थित हनुमान मंदिर से चांदी की लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां और 1100 रुपये का चढ़ावा चोरी होने का मामला सामने आया है।

मंदिर के पुजारी उमाशंकर दास उर्फ लालबाबा ने उजियारपुर थाने में आवेदन देकर तीन युवकों पर चोरी का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

पुजारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब सात बजे वह नित्यक्रिया के लिए मंदिर परिसर से बाहर गए थे। लौटकर आने पर मंदिर में स्थापित चांदी की भगवान गणेश और माता लक्ष्मी की मूर्तियां गायब मिलीं। हनुमान जी की प्रतिमा के सामने रखा करीब 1100 रुपये का चढ़ावा भी नहीं था।

पुजारी ने दोनों चांदी की मूर्तियों का वजन करीब 30 भरी बताया है। आवेदन में उन्होंने उजियारपुर गांव निवासी संजीव कुमार, पंकज कुमार और एक अन्य युवक पर चोरी का आरोप लगाया है।

उनका कहना है कि घटना के समय उक्त युवक मंदिर परिसर में मौजूद थे। पुजारी के अनुसार चोरी के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपितों ने उनके साथ गाली-गलौज की।

उन्होंने संजीव कुमार पर उन्हें और मंदिर परिसर को बम से उड़ाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। पुलिस शिकायत के आधार पर चोरी की घटना के साथ लगाए गए अन्य आरोपों की भी जांच कर रही है।

घटना की सूचना मिलने के बाद उजियारपुर थाने की पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। पुलिस चोरी की घटना से जुड़े तथ्यों और आरोपों की जांच कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।

घटना की स्थानीय लोगों ने निंदा की है। आत्मा प्रखंड अध्यक्ष सूर्यकांत चौधरी, नारायण सहनी, लाल बहादुर सिंह, जागेश्वर सिंह, मंगल चौधरी, दिलीप पोद्दार, विजय झा, मदन सिंह और सेवानिवृत्त दारोगा केके सिंह समेत अन्य लोगों ने पुलिस से मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

यह भी पढ़ें- समस्तीपुर में चकोटी मठ की पौराणिक मूर्ति समेत छह प्राचीन मूर्तियां बरामद, तीन चोर गिरफ्तार