मुसरीघरारी थाने में तैनात होम गार्ड को ट्रक ने कुचला, मौत
समस्तीपुर। मुसरीघरारी थाना में तैनात गृहरक्षक धनेश्वर कुमार सिंह (47) को एक तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
समस्तीपुर। मुसरीघरारी थाना में तैनात गृहरक्षक धनेश्वर कुमार सिंह (47) को एक तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। वे वहां थाने में ड्राइवर का भी कार्य करते थे। रविवार की सुबह अन्यत्र जाने के लिए निकले थे। इस बीच एनएच 322 स्थित बथुआ बुजुर्ग स्थित एस मोड़ के निकट वे एक अनियंत्रित हाइवा ट्रक की चपेट में आ गए। नतीजतन उनका सिर कुचल गया और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक का चालक वाहन समेत फरार हो गया। मृतक मोहिउद्दीनगर थाना क्षेत्र के हरैल गांव के रहने वाले थे। उन्हें चार पुत्र व एक पुत्री है। मुसरीघरारी थाना में पिछले चार वर्षों से कार्यरत थे। मौत की सूचना पर पूरे इलाके में मातम फैला हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना पर मुसरीघरारी थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह भी दल बल के साथ तत्काल पहुंचे। साथ ही मृतक के स्वजनों को सूचना दी। उनकी पत्नी इंदू देवी, पुत्र अभिजीत, आशीष, सोनल एवं सोनू तथा पुत्री खुशी का रो-रोकर बुरा हाल था। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों का बताना था कि तेज रफ्तार ट्रक पीछे से कुचल कर फरार हो गया। शोक सभा का आयोजन
गृहरक्षक की मौत को लेकर रविवार को शोक सभा हुई। अध्यक्षता करते हुए थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने गृहरक्षक के निधन पर गहरा दुख जताया। साथ ही दो मिनट का मौन रखकर मृत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई। मौके पर एसआई धनेश्वर झा, अशोक कुमार मिश्रा, मुकेश कुमार, सुशील चंद्र झा, फुलेंद्र सिंह, रजनीश कुमार सिंह, राजू कुमार आदि उपस्थित रहे। बड़ी मूछों के शौकीन थे दिवंगत गृहरक्षक
मुसरीघरारी थाने में पदस्थापित दिवंगत गृहरक्षक धनेश्वर कुमार सिंह बड़ी मूछों के शौकीन थे। उनकी मूंछ उनकी विशेष पहचान थी। अपनी बड़ी मूछों के कारण वे भले ही खौफनाक और आक्रामक दिखते थे पर थे बड़े ही मिलनसार और मजाकिया थे। पुलिस और पब्लिक के साथ शीघ्र उनका आत्मीय संबंध जुड़ जाता था। उनके मरणोपरांत सभी सहकर्मी उनके निश्चल एवं व्यवहार की चर्चा करते नहीं थक रहे हैं।