यह चुनाव संविधान, लोकतंत्र और आरक्षण बचाने का है : तेजस्वी
समस्तीपुर। बिथान राजद नेता सह पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि इस बार का चुनाव किसी व्यक्ति या पार्टी को जिताने का नहीं है।
समस्तीपुर। बिथान, राजद नेता सह पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि इस बार का चुनाव किसी व्यक्ति या पार्टी को जिताने का नहीं है। बल्कि लोकतंत्र, संविधान और आरक्षण बचाने का है। लालू यादव और कर्पूरी ठाकुर की विचारधारा को बचाने का है। उन्होंने भाजपा पर लालू यादव को साजिश के तहत फंसाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता की अदालत में न्याय मांगने आया हूं। जनता की अदालत में न कोई तारीख तय होती है और ना ही कोई सुनवाई। सीधा फैसला होता है। वे हसनपुर विधानसभा अंतर्गत बिथान के गांधी मैदान में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। तेजस्वी यादव ने कहा कि खगड़िया लोकसभा क्षेत्र से महागठबंधन के उम्मीदवार मुकेश सहनी को एडवांस में बधाई देने आया हूं, क्योंकि खगड़िया में कोई लड़ाई ही नहीं है। महागठबंधन की जीत यहां तय है। उन्होंने कहा कि अगर मोदी फिर सत्ता में फिर आए तो संविधान की जगह आरएसएस का नागपुरिया कानून ले आएंगे। लोकतंत्र में चुनाव जनता को अपनी पसंद की सरकार चुनने का हक देता है। जीतने के बाद ये लोग चुनाव भी नहीं कराएंगे। आपका लोकतांत्रिक हक मारकर आपको गुलाम बना देंगे। इसलिए ऐसी ताकतों से सावधान रहने की जरूरत है। तेजस्वी ने भाजपा पर लालू प्रसाद यादव को प्रताड़ित करने भी आरोप लगाया। कहा-तीन दिन पहले जब वे उनसे मिलने रांची गए तो वहां एक बेटे को अपने पिता से मिलने नहीं दिया गया। उनका इलाज भी ठीक ढ़ंग से नहीं करने दिया जा रहा है। इस चुनाव में ऐसे लोगों को सबके सिखाने की जरूरत है, जो सामाजिक न्याय और संविधान की लड़ाई लड़ने वाले को प्रताड़ित करते हैं। विकासशील इंसान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह महागठबंधन के उम्मीदवार मुकेश सहनी ने कहा कि केंद्र की दलित विरोधी मोदी सरकार का जाना तय है।