अमन की शहादत पर पूरे देश को गर्व : डॉ. संजय
चीनी सीमा पर गलवन घाटी में चीनी सैनिक के साथ हुई झड़प में शहीद हुए सुलतानपुर के शहीद अमन को श्रद्धांजलि देने और शांति भोज में शामिल होने के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल उनके घर पहुंचे। अमन के चित्र पर श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं अमन के पिता को सांत्वना भी दी।
समस्तीपुर । चीनी सीमा पर गलवन घाटी में चीनी सैनिक के साथ हुई झड़प में शहीद हुए सुलतानपुर के शहीद अमन को श्रद्धांजलि देने और शांति भोज में शामिल होने के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल उनके घर पहुंचे। अमन के चित्र पर श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं अमन के पिता को सांत्वना भी दी। उन्होंने कहा कि अमन जैसे वीर सपूत की शहादत पर पूरा देश गौरवान्वित महसूस कर रहा है। अमन ने भारत माता की रक्षा के लिए अपनी शहादत दी है। अमन की इस शहादत का हिसाब भारत का बच्चा-बच्चा लेने को तैयार है। वहीं जिला परिषद उपाध्यक्ष अनिल सिंह ने कहा कि अमन तो देश का बेटा था। उसने भारत माता के लिए अपनी शहादत दिया है। उसे जितना सम्मान दिया जाए, वह कम होगा। जिला उपाध्यक्ष ने अपने निजी कोष से सात लाख की लागत से अमन द्वार का निर्माण कार्य शुरू कराने की बात भी कही। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा, प्रदेश महामंत्री सुशील चौधरी, नरेंद्र सिंह, मनोज गुप्ता, जयमंगल राय, सत्येंद्र नारायण सिंह, उमाशंकर सिंह, राजेश सिंह, राजकपूर सिंह आदि मौजूद रहे।