दिल्ली अनाज मंडी में मृतकों के परिवार को मिले सरकारी नौकरी
दलसिंहसराय में महावीर चौक स्थित भाकपा अंचल परिषद कार्यालय में गुरुवार को अखिल भारतीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस जिला कमेटी की बैठक हुई। अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष विनोद कुमार समीर ने की।
समस्तीपुर। दलसिंहसराय में महावीर चौक स्थित भाकपा अंचल परिषद कार्यालय में गुरुवार को अखिल भारतीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस जिला कमेटी की बैठक हुई। अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष विनोद कुमार समीर ने की। इसमें दिल्ली के अनाज मंडी में आग लगने से 43 मजदूरों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया गया। समस्तीपुर जिले के 13 मजदूरों की इस घटना में हुई मौत पर दुख व्यक्त करते हुए सरकार से सभी मृतक के परिवार को सरकारी नौकरी देने की मांग की गई। वक्ताओं ने कहा कि दिल्ली की घटना के लिए केंद्र की मोदी सरकार की मजदूर विरोधी नीति जिम्मेदार है। राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए श्री समीर ने कहा कि सुशासन बाबू की सरकार 15 वर्षो से बिहार में चल रही है। लेकिन, एक सूई का कारखाना तक नहीं लगा। जिससे मजदूरों को दूसरे प्रदेश में जाकर जान गंवानी पड़ रही है। प्रत्येक मृतक के परिजनों को 50 लाख का मुआवजा देने की भी मांग की गई। बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की मजदूर विरोधी नीति के विरोध में आगामी 8 जनवरी को राष्ट्रव्यापी आंदोलन को सफल बनाने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। नागरिकता संशोधन बिल पारित होने के खिलाफ आंदोलन तेज करने का भी निर्णय हुआ। बैठक में एटक के महासचिव रामविलास शर्मा, सुधीर कुमार, शंभू कुमार चौधरी, रामेश्वर राम, विमला देवी, कारो देवी, विष्णु देवदास, प्रेम कुमार राय, गिरिधर झा, अशोक रजक, मोहम्मद यूनुस, सुखदेव दास, राम नारायण सिंह आदि ने संबोधित किया।