मौत के बाद एक साथ दफनाए गए सांप और संपेरा, जानिए वजह
खेल दिखा रहे संपेरे को सांप ने काट लिया और उसकी मौत हो गई, उसके बाद लोगों ने लाठी से पीट-पीटकर सांप को भी मार डाला। दोनों के शव एक साथ दफनाए गए।
समस्तीपुर [जेएनएन]। संपेरे को लोगों ने सांप को पकड़ने के लिए बुलाया तो उसने नाग को पकड़ लिया और खेल दिखाने लगा। वह सूई और धागे से सांप का मुंह सिलना शुरू किया और वह एेसा कर रहा था लोग आश्चर्यचकित होकर देख रहे थे।
एेसे में सांप ने गुस्से में फुंफकार मारी और संपेरे को डंस लिया। जबतक लोग उसे अस्पताल ले जाते उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। लोगों ने उस सांप को ढूंढकर लाठी डंडे से पीट-पीटकर उसे मार डाला और सांप और संपेरे को एक ही जगह दफना दिया।
घटना समस्तीपुर की है जहां शनिवार को सपेरा भोला सहनी सांप को पकड़ने गया और सांप को पकड़ उसका मुंह सिलकर लोगों को दिखा रहा था कि इसी दौरान सांप ने उसे काट लिया। इलाज कराने के लिए मुजफ्फरपुर ले जाने के क्रम में रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। सपेरा वैशाली जिला के मुरादाबाद गांव का रहने वाला था।
वह अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ ताजपुर थाना क्षेत्र के मोतीपुर गांव स्थित ससुराल में विगत 6 माह से रह रहा था। वह घर का एकमात्र कमाऊ व्यक्ति था। वह परिवार का भरण पोषण करने के लिये टेंपो भी चलाता था और सांप का खेल भी दिखाता था।
लोगों के अनुसार दो दिन पूर्व वह ताजपुर पेट्रोल पंप के निकट एक नाग सांप को पकड़ा था। उसके पास पहले से अजगर भी था। इसकी मौत के बाद ग्रामीणों ने सांप को ढूंढकर उसे तथा घर मे रखे नाग नागिन को भी परिजनों की रजामंदी से डंडे से पीट पीट कर मार डाला और उसके शव साथ ही उन्हें भी दफन कर दिया।