विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राहुल गांधी के बयान पर सांसद शांभवी का हमला, कहा- देश की अर्थव्यवस्था मजबूत स्थिति में

Published: Sat, 06 Jun 2026 10:24 PM (IST)

सांसद शांभवी चौधरी ने राहुल गांधी के आर्थिक बयानों को तथ्यहीन बताया, कहा देश की अर्थव्यवस्था मजबूत है और तेजी ...और पढ़ें

दैनिक जागरण कार्यालय में उपस्थित सांसद शांभवी चौधरी।

दैनिक जागरण कार्यालय में उपस्थित सांसद शांभवी चौधरी।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। Shambhavi Chaudhary: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की सांसद शांभवी चौधरी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हालिया बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी द्वारा देश की अर्थव्यवस्था और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर दिए गए बयान तथ्यहीन और भ्रामक हैं। जनता अब ऐसे राजनीतिक बयानों की वास्तविकता को समझने लगी है।

दैनिक जागरण कार्यालय में विशेष बातचीत के दौरान सांसद ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था लगातार मजबूत हो रही है और दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है।

अर्थव्यवस्था को लेकर विपक्ष के आरोप खारिज

शांभवी चौधरी ने कहा कि देश की आर्थिक स्थिति को लेकर विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोप वास्तविक तथ्यों से मेल नहीं खाते। उन्होंने दावा किया कि भारत की जीडीपी वृद्धि दर मजबूत बनी हुई है और वैश्विक चुनौतियों के बावजूद देश आर्थिक रूप से बेहतर प्रदर्शन कर रहा है।

उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर युद्ध और भू-राजनीतिक परिस्थितियों का असर पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था पर पड़ा है। इसके बावजूद भारत की आंतरिक आर्थिक व्यवस्था मजबूत बनी हुई है।

2027 तक पूरे होंगे प्रमुख आरओबी परियोजनाएं

सांसद ने समस्तीपुर लोकसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि समस्तीपुर शहर के ताजपुर रोड स्थित भोला टाकीज रेलवे ओवरब्रिज और मुक्तापुर रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य वर्ष 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार आएगा और लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी।

मगरदही घाट पुल और रोसड़ा बाइपास अगला लक्ष्य

शांभवी चौधरी ने बताया कि भविष्य की प्रमुख योजनाओं में मगरदही घाट पर पुल निर्माण और रोसड़ा बाइपास का विकास शामिल है। इसके अलावा रेलवे की भूमि पर मल्टी फंक्शनल कॉम्प्लेक्स के निर्माण की भी योजना है।

उन्होंने बताया कि रेल मंडल में वाशिंग पिट का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जिससे भविष्य में समस्तीपुर जंक्शन से ट्रेनों के परिचालन विस्तार की संभावनाएं बढ़ेंगी।

शिक्षा और खेल को मिल रही प्राथमिकता

सांसद ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अब तक 48 छात्रों को छात्रवृत्ति देकर उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। जरूरत के अनुसार विद्यार्थियों को 10 हजार से 50 हजार रुपये तक की मदद दी गई है।

उन्होंने बताया कि क्षेत्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर अवसर देने के लिए अल्फा स्पोर्ट्स अकादमी के साथ समझौता किया गया है, जिसके तहत खिलाड़ियों को निशुल्क प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है।

रोजगार मेले से युवाओं को मिला अवसर

शांभवी चौधरी ने कहा कि रोजगार सृजन की दिशा में भी काम किया जा रहा है। रोजगार मेलों के माध्यम से करीब 600 युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराया गया है। चयनित युवाओं को 10 हजार से 30 हजार रुपये प्रतिमाह तक के वेतन वाली नौकरियां मिली हैं।

सोशल मीडिया के जरिए सुनती हैं समस्याएं

सांसद ने कहा कि वह सोशल मीडिया पर आने वाली लोगों की शिकायतों और सुझावों को गंभीरता से लेती हैं। आमजन द्वारा भेजे गए संदेश, तस्वीरें और टिप्पणियां संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाई जाती हैं, ताकि समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सके।