यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 24, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सदर अस्पताल में एईएस के पहुंचे सात नए मरीज, दो रेफर
जिले में एईएस का कहर लगातार बढ़ रहा है। रोजाना नए मामले सामने आ रहे हैं। हालांकि चिकित्सकीय टीम लगातार ...और पढ़ें

समस्तीपुर । जिले में एईएस का कहर लगातार बढ़ रहा है। रोजाना नए मामले सामने आ रहे हैं। हालांकि, चिकित्सकीय टीम लगातार इलाज कर बच्चों की जान बचाने में कामयाब भी हो रही है। सदर अस्पताल में शनिवार की रात्रि एक और रविवार को एईएस से पीड़ित छह मासूम बच्चे चिकित्सा के लिए पहुंचे। इसमें से दो को चिकित्सक ने पीएमसीएच रेफर कर दिया। जानकारी के अनुसार विभूतिपुर निवासी रविद्र दास के एक वर्षीय पुत्र अंकित कुमार, वारिसनगर निवासी मो. शाहिद के आठ महीने के पुत्र फरहान राजा, पवन दास के एक वर्षीय पुत्र आयुष कुमार, दलसिंहसराय निवासी मुमताज आलम के पांच वर्षीय पुत्र शेराज आलम, जितवारपुर निवासी रुदल राय की छह वर्षीय पुत्री नेहा कुमारी, दौलतपुर निवासी जयकांत पासवन की आठ वर्षीय पुत्री सहाना कुमारी और मोहनपुर निवासी बबलू दास की दो वर्षीय पुत्री सोनाक्षी कुमारी इलाज के लिए पहुंचे। सभी को तत्काल एईएस वार्ड में भर्ती कर चिकित्सा शुरू हुई। जबकि, आयुष कुमार और शेराज आलम को पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। वार्ड की व्यवस्था में हुआ सुधार
सदर अस्पताल के एईएस वार्ड में दवा रखने के लिए आलमीरा दी गई है। जबकि, पूर्व में इसके नहीं रहने की वजह से दो-दो बेड पर दवा रखने की मजबूरी बनी हुई थी। इससे इलाज के लिए पहुंचने वाले मासूम बच्चों को भी परेशानी हो रही थी। साथ ही मरीजों के बेहतर चिकित्सा को लेकर चिकित्सक और कर्मियों को विशेष रूप से निर्देश भी दिया गया है।
