विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कहीं प्रिंटिंग प्रेस तो कहीं खेती और झोपड़ी, समस्तीपुर के 134 स्कूलों की जमीन पर अवैध कब्जा

Published: Thu, 15 Oct 2026 12:44 PM (IST)

समस्तीपुर जिले के 134 प्राथमिक और मध्य विद्यालयों की 7844.62 डिसमिल जमीन पर अवैध कब्जा है, जिसमें सर्वाधिक समस्तीपुर प्रखंड में है।

स्कूलों की जमीन पर अवैध कब्जा (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

स्कूलों की जमीन पर अवैध कब्जा (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

प्रकाश कुमार, समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले के सभी 20 प्रखंडों के 134 प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों की 7844.62 डिसमिल जमीन पर अतिक्रमण है। समस्तीपुर प्रखंड में सर्वाधिक 40 विद्यालय की जमीन अतिक्रमित है। बिहार शिक्षा परियोजना ने सभी संबंधित अंचल अधिकारियों (सीओ) को पत्र भेजकर विद्यालयों की भूमि का सीमांकन कराने और अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया है। 

विद्यालय परिसर की भूमि सुरक्षित रहने से विद्यार्थियों को पठन-पाठन, खेलकूद और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। 

अंचल अधिकारी से लगातार संपर्क बनाने के निर्देश

जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (प्राथमिक शिक्षा एवं सर्व शिक्षा अभियान) शुभम कसौधन ने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों और प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र के अंचल अधिकारी से लगातार संपर्क बनाए रखें। 

विद्यालय की जमीन से संबंधित अभिलेखों के आधार पर सीमांकन और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में समन्वय स्थापित करने को कहा गया है। 

समस्तीपुर प्रखंड के 40 विद्यालयों की 2946.5 डिसमिल पर अतिक्रमण

विभागीय आंकड़ों के अनुसार, समस्तीपुर प्रखंड के 40 विद्यालयों की 2946.5 डिसमिल, मोरवा के एक विद्यालय की 1124.8, पूसा के 10 विद्यालयों की 758.25 और उजियारपुर के 19 विद्यालयों की 564.3 डिसमिल जमीन अतिक्रमण की सूची में है। 

रोसड़ा में दो विद्यालयों की 468.75, हसनपुर में तीन की 350, विद्यापतिनगर में 12 की 293.88, विभूतिपुर में दो की 224.83, सरायरंजन में सात की 208.5 और दलसिंहसराय में दो विद्यालयों की 204.5 डिसमिल भूमि पर कब्जा बताया गया है। 

मोहिउद्दीनगर में एक विद्यालय की 176, खानपुर में चार की 145, शिवाजीनगर में आठ की 130, कल्याणपुर में सात की 71, सिंघिया में तीन की 53.5, पटोरी में पांच की 43, वारिसनगर में पांच की 39.67, ताजपुर में एक की 14, बिथान में एक की 4.14 और मोहनपुर में एक विद्यालय की चार डिसमिल जमीन सूची में शामिल है।

सरकारी स्कूलों की जमीन पर अतिक्रमण, कहीं दुकान तो कहीं झोपड़ी और खेती

समस्तीपुर शहर के काशीपुर स्थित तिरहुत एकेडमी की दो डिसमिल जमीन पर 20 साल से कब्जा है और वहां प्रिंटिंग प्रेस की दुकान चल रही है। माडल उच्च विद्यालय की 30 डिसमिल जमीन 19 साल से अतिक्रमित है। मध्य विद्यालय बेला पचरुखी की 100 डिसमिल जमीन पर खेती की जा रही है। 

उच्च माध्यमिक विद्यालय बेझाडीह की तीन डिसमिल जमीन पर ग्रामीणों ने 10 साल से झोपड़ी बना रखी है। विभागीय सूची में उत्क्रमित मध्य विद्यालय भुसारी में 10 डिसमिल, मध्य विद्यालय विशनपुर में पांच डिसमिल और प्राथमिक विद्यालय भूईधारा में भी छह डिसमिल जमीन पर झोपड़ी ही बना हुआ है। 

इन स्कूलों की जमीन अतिक्रमण

उच्च विद्यालय धर्मपुर में 730 डिसमिल, मध्य विद्यालय धुरलख में 560 डिसमिल, उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय धुरलख की 437 डिसमिल, उच्च विद्यालय हरपुर सिंघिया जगतसिंहपुर की 365 डिसमिल, उत्क्रमित मध्य विद्यालय केवस जागीर की 160 डिसमिल, उत्क्रमित मध्य विद्यालय हरपुर सिंघिया की 125 डिसमिल, मध्य विद्यालय चकनूर में 50 डिसमिल जमीन को अतिक्रमित कर रखा है। 

उत्क्रमित मध्य विद्यालय पैकरा की 47 डिसमिल, मध्य विद्यालय खोरी की 40 डिसमिल, प्राथमिक विद्यालय छोटी पुनास की 30 डिसमिल, नवसृजित प्राथमिक विद्यालय तीनगछिया की 30 डिसमिल, मध्य विद्यालय जितवारपुर की 29 डिसमिल प्राथमिक विद्यालय रामनाथपुर की 28 डिसमिल, मध्य विद्यालय नवादा में 24 डिसमिल, उत्क्रमित मध्य विद्यालय भमरुपुर 14 डिसमिल जमीन जमीन को अतिक्रमित कर रखा है।

संत कबीर सीनियर सेकेंड्री स्कूल हरिशंकरी की 12 डिसमिल, उच्च माध्यमिक विद्यालय छतौना में 12 डिसमिल, उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय खोरी की 10 डिसमिल, उत्क्रमित मध्य विद्यालय चकअब्दुल गनी उर्दू में आठ डिसमिल, नवसृजित प्राथमिक विद्यालय हरपुर निजामत में आठ डिसमिल, उत्क्रमित मध्य विद्यालय हाट की छह डिसमिल जमीन को अतिक्रमित कर रखा है।

नवसृजित प्राथमिक विद्यालय दलित टोल की पांच डिसमिल, प्राथमिक विद्यालय इंदिरा कालोनी में साढ़े चार डिसमिल, कन्या उत्क्रमित मध्य विद्यालय मोरदीवा की चार डिसमिल, उत्क्रमित मध्य विद्यालय ताल दशहरा की चार डिसमिल, प्राथमिक विद्यालय कुशवाहा टोल हरपुर एलौथ में चार डिसमिल, उत्क्रमित मध्य विद्यालय बेझा की तीन डिसमिल जमीन को अतिक्रमित कर रखा है।

प्राथमिक विद्यालय चकनूर में तीन डिसमिल, प्राथमिक विद्यालय मोरदीवा की दो डिसमिल, प्राथमिक विद्यालय पासवान टोल की एक डिसमिल, प्राथमिक विद्यालय जगदीशपुर रामी की एक डिसमिल जमीन अतिक्रमित कर रखा गया है।

जिले के सरकारी विद्यालयों की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए विभागीय स्तर पर प्रक्रिया चल रही है। संबंधित अंचल अधिकारियों के सहयोग से जमीन का सीमांकन कराने और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। विद्यालयों की भूमि सुरक्षित होने से विद्यार्थियों को पठन-पाठन, खेलकूद और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध हो सकेगी। - कामेश्वर प्रसाद गुप्ता, जिला शिक्षा पदाधिकारी, समस्तीपुर।

यह भी पढ़ें- समस्तीपुर में अमरूद और नींबू की खेती पर मिलेगा ₹1 लाख तक का अनुदान, किसान ऑनलाइन करें आवेदन