विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

समस्तीपुर में डायल 112 टीम से भिड़ा युवक, वर्दी फाड़ी और सड़क पर पुलिस से करता रहा हाथापाई

Published: Wed, 07 Oct 2026 06:22 PM (IST)

मोहिउद्दीननगर में डायल 112 की टीम एक युवक को छेड़खानी की शिकायत पर पकड़ने गई थी, जहां युवक ने पुलिस ...और पढ़ें

समस्तीपुर के मोहिउद्दीननगर में पुलिस से भिड़ा युवक।

समस्तीपुर के मोहिउद्दीननगर में पुलिस से भिड़ा युवक।

HighLights

  1. छेड़खानी की शिकायत पर डायल 112 टीम गई थी।

  2. युवक ने पुलिसकर्मी की वर्दी फाड़ी और हाथापाई की।

  3. अतिरिक्त बल ने युवक को गिरफ्तार किया, नशे में था।

संवाद सहयोगी, मोहिउद्दीननगर (समस्तीपुर)। छेड़खानी की शिकायत पर युवक को पकड़ने गई डायल 112 की पुलिस टीम के साथ हाथापाई करने और पुलिसकर्मी की वर्दी फाड़कर भागने का प्रयास करने का मामला सामने आया है।

घटना मोहिउद्दीननगर हाई स्कूल के समीप एनएच-122बी किनारे पुराने टाटा स्टैंड के पास की बताई गई है। बाद में थाने से पहुंचे अतिरिक्त पुलिस बल ने युवक को काबू में कर गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार, मोहिउद्दीननगर बाजार निवासी गोलू कुमार के विरुद्ध डायल 112 पर एक महिला से छेड़खानी की शिकायत मिलने की बात बताई गई। इसी सूचना पर डायल 112 की टीम उसे पकड़ने पहुंची थी।

टीम के प्रभारी राजू यादव ने युवक को पकड़कर पुलिस वाहन में बैठाने का प्रयास किया। बताया गया कि युवक ने वाहन में बैठने से इनकार कर दिया और कथित रूप से उग्र होकर वहां से भागने का प्रयास करने लगा।

पुलिस टीम ने उसे रोकने की कोशिश की तो दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। इसी दौरान युवक ने एक पुलिसकर्मी की वर्दी फाड़ दी। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ने का प्रयास जारी रखा।

सड़क पर काफी देर तक पुलिस और युवक के बीच उठापटक होती रही। घटना के दौरान आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। कई लोग मोबाइल फोन से पूरी घटना का वीडियो बनाने लगे।

स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना मोहिउद्दीननगर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और युवक को काबू में लेकर थाने ले गया। युवक के नशे में होने की बात भी सामने आई है।

थानाध्यक्ष विनय कुमार ने बताया कि डायल 112 पर युवक के विरुद्ध छेड़खानी की शिकायत मिली थी। इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम उसे पकड़ने गई थी। घटना की जांच की जा रही है। जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- नाबालिग को बचाने पहुंची डायल 112 टीम पर ग्रामीणों का हमला, दरभंगा में लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर बरसे