समस्तीपुर में तीन धुर जमीन के लिए महिला की हत्या, गला दबाया और सिर पर चाकू से वार
समस्तीपुर के खानपुर में तीन धुर जमीन के विवाद में 33 वर्षीय मीना देवी की गला दबाकर और चाकू मारकर ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
समस्तीपुर में तीन धुर जमीन विवाद में महिला की हत्या।
मीना देवी की गला दबाकर और चाकू मारकर हत्या की गई।
पुलिस ने पड़ोसी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
संवाद सहयोगी, खानपुर (समस्तीपुर) । खानपुर थाना क्षेत्र के कानू बिशनपुर गांव में तीन धुर जमीन के विवाद में 33 वर्षीय महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान मीना देवी (33) के रूप में हुई है।
आरोप है कि पड़ोसी ने महिला का गला दबाकर हत्या कर दी और सिर पर चाकू से भी वार किया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने सभी बिंदुओं पर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका के पति अजीत पोद्दार ने पुलिस को बताया कि वह पिछले 10-12 वर्षों से दिल्ली में रहकर मजदूरी करते हैं।
परिवार के भरण-पोषण के लिए पैसे भेजते रहते हैं और समय-समय पर गांव आते हैं। 10 दिन पहले ही दिल्ली से गांव लौटे थे। सोमवार की रात परिवार के सभी सदस्यों ने एक साथ भोजन किया और सोने चले गए।
रात करीब 1 बजे अजीत की आंख खुली तो वह कमरे से बाहर निकले। बाहर निकलते ही उन्होंने अपनी पत्नी मीना देवी को घर की सीढ़ी पर मृत अवस्था में पड़ा देखा। महिला के गले पर निशान और सिर पर चाकू से वार के निशान मिले।
दो लाख की जमीन के लिए चल रहा था विवाद
बताया जाता है कि करीब दो लाख रुपये मूल्य की तीन धुर जमीन को लेकर परिवार का पड़ोसी के साथ लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। इसी विवाद में हत्या की आशंका जताई जा रही है।
मृतका के पति ने पड़ोसी पर ही हत्या का आरोप लगाया है। विश्वस्त सूत्रों की माने तो महिला रात्रि करीब 11:30 बजे से गायब थी। घरवाले खोजबीन कर ही रहे थे। इसी बीच करीब 12:30 बजे घर के बगल खेत में अचेतावस्था में पड़ी मिली।
करीब 1 बजे स्थानीय निजी अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सक ने सदर अस्पताल जाने की सलाह दी। थानाध्यक्ष ने बताया कि आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। सभी बिंदुओं पर पुलिस जांच मे जुट गईं है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
