समस्तीपुर में लड़की से बदसलूकी पर बुलडोजर एक्शन, आरोपितों के घर-दुकान पर चला पीला पंजा
Samastipur Viral Video: समस्तीपुर में लड़की से अभद्रता के वायरल वीडियो मामले में प्रशासन ने आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की ...और पढ़ें

प्रशासन की टीम ने आरोपितों के घर और दुकानों के आसपास अतिक्रमण की जांच की। इस दौरान सड़क किनारे किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटाया गया।
HighLights
वायरल वीडियो मामले में आरोपितों के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई शुरू।
आरोपितों के घरों और दुकानों के आसपास के अतिक्रमण हटाए गए।
चार आरोपित गिरफ्तार, एक का पीडीएस लाइसेंस निलंबित किया गया।
जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। Samastipur Girl Misbehavior Case: कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव में लड़की के साथ अभद्र व्यवहार से संबंधित वायरल वीडियो मामले में गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई शुरू हो गई है।
शुक्रवार को प्रशासन की टीम ने आरोपितों के घर और दुकानों के आसपास अतिक्रमण की जांच की। इस दौरान सड़क किनारे किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटाया गया।
चाय दुकान पर कार्रवाई
जगतसिंहपुर गांव निवासी महेश्वर सहनी के पुत्र रामबाबू सहनी की सड़क किनारे स्थित चाय दुकान को भी तोड़ा गया। प्रशासन के अनुसार दुकान सड़क किनारे अतिक्रमित हिस्से में बनी थी। अन्य आरोपितों के ठिकानों पर भी अतिक्रमण की स्थिति की जांच की गई।
एक आरोपित के पक्के मकान को लेकर भी अतिक्रमण का नोटिस दिया गया है। प्रशासन ने बताया कि गैरमजरुआ जमीन पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटाया गया है। पक्की संरचना के संबंध में नियमानुसार नोटिस की कार्रवाई की गई है।
चार आरोपित गिरफ्तार
वायरल वीडियो मामले में कर्पूरीग्राम थाना पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनमें जगतसिंहपुर गांव निवासी रामसुंदर शर्मा के पुत्र विकास कुमार, अरुण पासवान के पुत्र राहुल कुमार और महेश्वर सहनी के पुत्र रामबाबू सहनी शामिल हैं। चौथा आरोपित बिजौलिया गांव निवासी नेवालाल पासवान का पुत्र अवधेश पासवान है।
पीडीएस लाइसेंस निलंबित
प्रशासन ने बिजौलिया गांव निवासी अवधेश पासवान की जनवितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकान का लाइसेंस भी निलंबित कर दिया है।
एसडीओ राकेश कुमार ने बताया कि आरोपितों के कब्जे में रही गैरमजरुआ जमीन से अस्थायी अतिक्रमण हटाया गया है। पक्की संरचना के लिए नियमानुसार नोटिस दिया गया है और जविप्र विक्रेता का लाइसेंस निलंबित किया गया है।
वायरल वीडियो के बाद कार्रवाई
बताया गया कि इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें कुछ युवकों द्वारा लड़की के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया था।
वीडियो प्रसारित होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। जांच के बाद पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार किया।
यह भी पढ़ें- समस्तीपुर में लड़की से बदसलूकी के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार, वीडियो शेयर करने पर होगी कानूनी कार्रवाई
