मजिस्ट्रेट की निगरानी में खुला समस्तीपुर के उगना महादेव का खजाना, दान पेटी से निकला छप्पर फाड़ चढ़ावा!
विद्यापतिधाम के उगना महादेव मंदिर की दान पेटी मंगलवार को प्रशासनिक निगरानी में खोली गई। इसमें श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित 2,47,680 ...और पढ़ें

मजिस्ट्रेट की निगरानी में खुली विद्यापतिधाम मंदिर की दान पेटी, मिले 2.47 लाख (जागरण)
HighLights
विद्यापतिधाम मंदिर की दान पेटी प्रशासनिक निगरानी में खोली गई।
दान पेटी से कुल 2,47,680 रुपये की राशि प्राप्त हुई।
राशि को मंदिर के बैंक खाते में जमा करने का निर्देश दिया गया।
संवाद सहयोगी, विद्यापतिनगर। सुप्रसिद्ध विद्यापतिधाम उगना महादेव मंदिर (बालेश्वर स्थान) में श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित दान राशि की मंगलवार को प्रशासनिक निगरानी में गिनती की गई। कार्यपालक दंडाधिकारी सह मजिस्ट्रेट जय किशन कुमार की मौजूदगी में श्री बालेश्वर स्थान विद्यापतिधाम न्यास समिति के अधीनस्थ मंदिर परिसर में रखी दान पेटी खोली गई।
इस दौरान दान पेटी से 2,47,680 रुपये प्राप्त हुए। दान पेटी खोलने और राशि की गिनती की पूरी प्रक्रिया न्यास समिति के सदस्यों, थानाध्यक्ष सूरज कुमार और एएसआई जितेंद्र कुमार की मौजूदगी में संपन्न हुई। राशि की गिनती के दौरान पारदर्शिता और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया।
गिनती पूरी होने के बाद कार्यपालक दंडाधिकारी जय किशन कुमार ने न्यास समिति के कोषाध्यक्ष रत्न शंकर भारद्वाज को प्राप्त पूरी राशि मंदिर के नाम से संचालित बैंक खाते में जमा कराने का निर्देश दिया। साथ ही बैंक में राशि जमा करने के बाद उसकी विधिवत प्रविष्टि कराने और संबंधित अभिलेखों का संधारण सुनिश्चित करने को कहा।
न्यास समिति के कोषाध्यक्ष रत्न शंकर भारद्वाज ने बताया कि मंदिर में श्रद्धालुओं की ओर से अर्पित दान राशि का उपयोग धार्मिक गतिविधियों, मंदिर के रखरखाव, सौंदर्यीकरण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े कार्यों में नियमानुसार किया जाता है।
प्रशासनिक निगरानी में दान पेटी खोलने और राशि को बैंक खाते में जमा कराने की प्रक्रिया से मंदिर की आय-व्यय व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूती मिलने की बात कही गई।
मौके पर न्यास समिति के सचिव नवीन कुमार गिरि, कोषाध्यक्ष रत्न शंकर भारद्वाज, सदस्य हरिओम गिरि, प्रवीण कुमार गिरि, दीनदयाल गिरि, जोखन राय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
