समस्तीपुर में 1 से 6 नवंबर तक होगी राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता, डीएम ने तैयारियों को लेकर की समीक्षा
समस्तीपुर में 1 से 6 नवंबर तक राज्य स्तरीय अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन होगा। जिलाधिकारी ने ...और पढ़ें

जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों की सुविधा, सुरक्षा, चिकित्सा व्यवस्था और खेल मैदान की तैयारियों से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की बारीकी से समीक्षा की।
जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। Samastipur State Football Tournament 2026: जिले में आगामी 1 से 6 नवंबर तक राज्य स्तरीय अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया जाएगा।
इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में बिहार के सभी नौ प्रमंडलों की टीमों के साथ-साथ एकलव्य की टीम समेत कुल 10 प्रमुख टीमों के शामिल होने की संभावना है।
प्रतियोगिता के सफल और सुचारू संचालन को लेकर सोमवार को समाहरणालय सभागार में जिलाधिकारी (DM) रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
सुविधाओं और सुरक्षा पर विशेष जोर
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों की सुविधा, सुरक्षा, चिकित्सा व्यवस्था और खेल मैदान की तैयारियों से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की बारीकी से समीक्षा की।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए तय समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने का कड़ा निर्देश दिया।
डीएम ने कहा कि यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता जिले के लिए एक बड़ा अवसर है और बाहर से आने वाले सभी खिलाड़ियों को बेहतरीन खेल माहौल व आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इसके तहत खेल मैदान की उपयुक्तता, साफ-सफाई, टर्फ की स्थिति और दर्शकों के बैठने की व्यवस्था का जायजा लिया गया।
पेयजल और चिकित्सा के पुख्ता इंतजाम
बाहर से आने वाली टीमों के खिलाड़ियों, उनके प्रशिक्षकों (कोच) और दल प्रभारियों के लिए ठहरने (आवासन), शुद्ध पेयजल, स्वच्छता और अन्य बुनियादी सुविधाओं को समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आयोजन स्थल पर प्राथमिक उपचार और एम्बुलेंस के साथ चिकित्सकीय दल तैनात रखने को कहा गया है। इसके लिए सिविल सर्जन डॉ. राजीव कुमार को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
वहीं, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और विधि-व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती का भी खाका तैयार किया गया है।
समन्वय और प्रचार-प्रसार के निर्देश
प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर जिला जनसंपर्क कार्यालय को इसके व्यापक प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
साथ ही, टीमों के आने-जाने के शेड्यूल और मैचों की समय-सारणी के सुचारू संचालन के लिए अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने को कहा गया है।
समीक्षा बैठक में अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) राजेश कुमार, जिला खेल पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रजनीश कुमार सहित कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन की इस मुस्तैदी से समस्तीपुर में खेल प्रेमियों को एक रोमांचक और बेहतरीन खेल महाकुंभ देखने को मिलेगा।
