विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

समस्तीपुर के विकास को गति, एमएलसी डॉ. तरुण ने सीएम से की रिंग रोड समेत पांच योजनाओं की मांग

Published: Fri, 04 Sep 2026 02:52 PM (IST)

Bihar Development Projects: एमएलसी डॉ. तरुण कुमार ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मिलकर समस्तीपुर के विकास के लिए पांच प्रमुख ...और पढ़ें

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात करते एमएलसी डा. तरुण कुमार। सौ. एमएलसी

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात करते एमएलसी डा. तरुण कुमार। सौ. एमएलसी  

HighLights

  1. एमएलसी डॉ. तरुण ने सीएम से पांच विकास योजनाएं प्रस्तावित कीं।

  2. समस्तीपुर में रिंग रोड, अटल कला भवन, खेल केंद्र प्रमुख हैं।

  3. रिंग रोड से भारी वाहनों को शहर से बाहर निकलने में मदद मिलेगी।

जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। Samastipur Ring Road: जिले के चहुंमुखी विकास को गति देने के लिए स्थानीय विधान पार्षद डॉ. तरुण कुमार ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से शिष्टाचार मुलाकात की।

इस दौरान उन्होंने नगर निगम क्षेत्र में रिंग रोड निर्माण सहित पांच प्रमुख योजनाओं का औपचारिक प्रस्ताव मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। एमएलसी ने जिले के सर्वांगीण विकास से जुड़ी इन प्राथमिकताओं पर त्वरित सरकारी पहल का आग्रह किया।

अटल कला भवन प्रस्ताव

एमएलसी ने समस्तीपुर शहर में प्रस्तावित 600 सीट वाले अटल कला भवन के निर्माण के लिए शीघ्र राशि जारी करने की मांग रखी। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि इस बहुप्रतीक्षित कला भवन के निर्माण की प्रशासनिक स्वीकृति पहले ही मिल चुकी है।

इसके साथ ही उन्होंने जितवारपुर स्थित हाउसिंग बोर्ड मैदान में राज्य स्तरीय खेल प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना और निर्माण का प्रस्ताव भी रखा।

तटबंध सड़क चौड़ीकरण मांग

डॉ. तरुण कुमार ने जितवारपुर कोठी से अंगारघाट तक तटबंध पर स्थित जल संसाधन विभाग की सड़क के चौड़ीकरण का भी आग्रह किया। इसके अलावा उन्होंने क्षेत्र के सब्जी उत्पादक किसानों के हित में वेजफेड के माध्यम से आधुनिक कोल्ड स्टोरेज की स्थापना की मांग प्रमुखता से उठाई।

समस्तीपुर में लगने वाले भीषण जाम से स्थायी निजात दिलाने के लिए आउटर रिंग रोड व इंटीग्रेटेड बाइपास कॉरिडोर की मांग लंबे समय से हो रही है।

रिंग रोड की रूपरेखा

प्रस्तावित रिंग रोड समस्तीपुर शहर के चारों ओर स्थित प्रमुख राष्ट्रीय व राज्य राजमार्गों को जोड़कर एक मजबूत आउटर नेटवर्क तैयार करेगी। इसके उत्तरी व पूर्वी छोर पर दरभंगा रोड (कल्याणपुर/मुक्तापुर) और रोसड़ा/हसनपुर मार्ग को जोड़ा जाएगा।

वहीं पश्चिमी छोर पूसा-मुजफ्फरपुर लिंक व ताजपुर मार्ग और दक्षिणी छोर मुसरीघरारी (NH-122) चौराहा, सरायरंजन व दलसिंहसराय मार्ग से कनेक्ट होगा।

भारी वाहनों से राहत

इस परियोजना का मुख्य अलाइनमेंट भारी वाहनों को नगर सीमा (मगरदही घाट, मोहनपुर, ताजपुर रोड, कर्पूरी बस स्टैंड) में घुसे बिना बाहर से निकालने के लिए मुसरीघरारी-ताजपुर-कल्याणपुर-मुक्तापुर-वारिसनगर को जोड़ेगा।

विभिन्न चरणों और लिंक बाइपास को मिलाकर इस आउटर पेरिफेरल रिंग नेटवर्क की कुल लंबाई लगभग 28 से 35 किलोमीटर आंकी गई है। पूरे रिंग रोड नेटवर्क, फ्लाईओवर, बूढ़ी गंडक नदी पर नए पुल और भूमि अधिग्रहण को मिलाकर अनुमानित बजट लगभग 600 से 800 करोड़ रुपये है।

समय की बड़ी बचत

इस महत्वाकांक्षी परियोजना के धरातल पर उतरने से मुजफ्फरपुर, पटना, हाजीपुर, बेगूसराय और दरभंगा की ओर जाने वाले भारी मालवाहक वाहन सीधे बाहर से निकल सकेंगे।

वर्तमान में शहर पार करने में जहाँ 1 से 1.5 घंटे का समय लगता है, वहीं रिंग रोड बनने के बाद यह सफर मात्र 15 से 20 मिनट में तय होगा।

शहर के अंदर भारी वाहनों का प्रवेश रुकने से हादसों और प्रदूषण में कमी आएगी तथा कल्याणपुर, मुक्तापुर व मुसरीघरारी जैसे बाहरी इलाकों में नए लॉजिस्टिक्स हब, वेयरहाउस व बाजार विकसित होंगे।