विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

समस्तीपुर जंक्शन समेत 13 स्टेशनों पर छठ के दौरान 50 लाख की लागत से बनेंगे होल्डिंग एरिया

Published: Wed, 30 Sep 2026 05:36 PM (IST)

Chhath Puja Special Train Station Facility: छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए समस्तीपुर रेल ...और पढ़ें

समस्तीपुर जंक्शन।

समस्तीपुर जंक्शन।

जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। Samastipur Junction Holding Area: छठ महापर्व के दौरान स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए समस्तीपुर रेल मंडल ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं।

मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर आगामी 16 से 25 नवंबर तक अस्थायी होल्डिंग एरिया बनाए जाएंगे। करीब 50 लाख रुपये की लागत से तैयार होने वाली इस विशेष व्यवस्था के तहत यात्रियों को स्टेशन परिसर के निर्धारित स्थान पर रोका जाएगा।

इसके बाद ट्रेनों के आगमन और प्लेटफार्म पर जगह की उपलब्धता के अनुसार उन्हें चरणबद्ध तरीके से भेजा जाएगा।

13 प्रमुख स्टेशनों पर व्यवस्था

समस्तीपुर, दरभंगा, सहरसा, मधुबनी, सकरी, जयनगर, रक्सौल, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया कोर्ट, ललितग्राम, बापूधाम मोतिहारी और बेतिया स्टेशन पर कुल 88,650 वर्गफीट में होल्डिंग एरिया विकसित होंगे।

इसका मुख्य उद्देश्य प्लेटफार्मों पर एक साथ अत्यधिक भीड़ जमा होने से रोकना है। इन परिसरों में यात्रियों के लिए शीतल पेयजल, ट्रेन उद्घोषणा, मेडिकल बूथ और सहायता केंद्र की पुख्ता व्यवस्था रहेगी।

क्षेत्रफल का हुआ निर्धारण

संभावित भीड़ के आकलन के आधार पर अलग-अलग स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया का आकार तय किया गया है। समस्तीपुर और सीतामढ़ी में 10-10 हजार वर्गफीट, रक्सौल व सहरसा में आठ-आठ हजार, मुजफ्फरपुर में 9,510, दरभंगा में 7,200 और जयनगर में छह हजार वर्गफीट में यह निर्माण होगा।

अन्य स्टेशनों पर भी यात्रियों की संख्या के अनुसार जरूरत के मुताबिक जगह चिन्हित की गई है।

वापसी की भीड़ पर नजर

छठ पर्व के समापन के बाद देश के विभिन्न शहरों के लिए लौटने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। इसे ध्यान में रखते हुए रेलवे ने कतार प्रबंधन के साथ अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती का निर्णय लिया है।

रेलकर्मियों की ड्यूटी अलग-अलग पालियों में लगाई जाएगी, ताकि यात्रियों को समय पर सही जानकारी और सहायता उपलब्ध कराई जा सके।