समस्तीपुर के उजियारपुर में ASI को बनाया बंधक, महिला कांस्टेबल से रायफल छीनने का प्रयास
ASI Hostage Case: समस्तीपुर के उजियारपुर में नाजिरपुर हाट के पास ट्रक की तलाशी लेने गई पुलिस टीम पर हमला ...और पढ़ें

तलाशी के दौरान युवकों ने पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी और ट्रक को भगा दिया।
HighLights
उजियारपुर में पुलिस टीम पर हमला, एएसआई बंधक।
ट्रक तलाशी के दौरान विवाद, पुलिसकर्मी चोटिल हुए।
तीन युवक गिरफ्तार, ग्रामीणों ने भी लगाए आरोप।
संवाद सहयोगी, उजियारपुर (समस्तीपुर)। Samastipur Nazirpur Police: उजियारपुर थाना क्षेत्र की नाजिरपुर पंचायत स्थित नाजिरपुर हाट के समीप गुरुवार देर शाम ट्रक की तलाशी लेने पहुंची पुलिस टीम के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है।
पुलिस ने इस मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। घटना में एएसआई समेत पुलिसकर्मी भी चोटिल हुए हैं।
तलाशी के दौरान हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार गुरुवार रात करीब नौ बजे एएसआई राजू कुमार के नेतृत्व में गश्ती दल बाबू पोखर चौक होते हुए नाजिरपुर की ओर जा रहा था।
नाजिरपुर हाट के समीप तीनवटिया पर खड़े एक ट्रक की तलाशी लेने का प्रयास किया गया। इसी दौरान वहां मौजूद युवकों से पुलिस की कहासुनी हो गई।
आरोप है कि तलाशी के दौरान युवकों ने पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। इसके बाद ट्रक को वहां से भगा दिया गया। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
एएसआई को बनाया बंधक
पुलिस के अनुसार भीड़ ने पुलिस टीम के साथ अभद्र व्यवहार किया और एएसआई राजू कुमार को बंधक बना लिया। एएसआई का आरोप है कि उनकी वर्दी से नेम बैज उखाड़ लिया गया और उनके साथ मारपीट की गई। घटना में एएसआई समेत अन्य पुलिसकर्मियों के चोटिल होने की बात सामने आई है।
मामले में पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। इधर, स्थानीय लोगों ने पुलिस पर भी ग्रामीणों के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।
