समस्तीपुर के 4.57 लाख पेंशनधारियों के खाते में पहुंचे 52.55 करोड़, सितंबर की पेंशन और बकाया राशि का भुगतान
Mukhyamantri Vridhjan Pension: समस्तीपुर जिले में 4.57 लाख से अधिक पेंशनभोगियों को सितंबर माह की पेंशन और बकाया राशि के ...और पढ़ें

जिलाधिकारी ने सभी पेंशनधारियों से जीवन प्रमाणीकरण और आधार सीडिंग अनिवार्य रूप से कराने की अपील की।
जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। Samastipur Pension News: जिले के सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभुकों के लिए बड़ी राहत की खबर है।
जिला प्रशासन ने सितंबर माह की पेंशन और बकाया राशि का सफल भुगतान कर दिया है। इसके तहत जिले के कुल 4,57,896 पेंशनधारियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से 52 करोड़ 55 लाख 68 हजार 300 रुपये की राशि अंतरित की गई है।
कार्यक्रम का सीधा प्रसारण
इस अवसर पर जिला एनआईसी कक्ष में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां पटना से आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया।
जिले में मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के 2,29,453 और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 85,388 लाभुकों को इस भुगतान का लाभ मिला है।
विभिन्न योजनाओं के लाभुक
इसके अलावा बिहार निःशक्तता पेंशन के 70,463, लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 42,024, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन के 27,286 और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्तता पेंशन योजना के 3,282 लाभार्थियों के खाते में राशि भेजी गई। अब सभी लाभुकों को नियमित रूप से हर माह 1100 रुपये पेंशन मिलेगी।
जिलाधिकारी ने की अपील
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने सभी पेंशनधारियों से अपना जीवन प्रमाणीकरण (लाइफ सर्टिफिकेशन) और आधार सीडिंग अनिवार्य रूप से कराने की अपील की।
उन्होंने कहा कि इससे भविष्य में पेंशन का निर्बाध भुगतान सुनिश्चित होगा। इस मौके पर जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग की सहायक निदेशक साक्षी सिंह सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
