विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

समस्तीपुर के शाहपुर पटोरी में 11 से 7 बजे तक भारी वाहनों के एंट्री पर रोक, तैनात होंगे ट्रैफिक वार्डन

Published: Fri, 25 Sep 2026 09:25 PM (IST)

Shahpur Patori Traffic Update : समस्तीपुर के शाहपुर पटोरी बाजार को भीषण जाम से निजात दिलाने के लिए नगर परिषद ...और पढ़ें

सभापति प्रियंका सुमन की अध्यक्षता और कार्यपालक पदाधिकारी अजय कुमार के संचालन में सामान्य बोर्ड की बैठक हुई।

सभापति प्रियंका सुमन की अध्यक्षता और कार्यपालक पदाधिकारी अजय कुमार के संचालन में सामान्य बोर्ड की बैठक हुई।

HighLights

  1. सुबह 11 से शाम 7 बजे तक भारी वाहनों पर रोक।

  2. बाजार में यातायात व्यवस्था के लिए निजी ट्रैफिक वार्डन तैनात।

  3. तीन प्रमुख प्रवेश द्वारों पर पक्के बैरियर लगाए जाएंगे।

संवाद सहयोगी, शाहपुर पटोरी (समस्तीपुर)। Shahpur Patori Traffic Update: समस्तीपुर जिले के शाहपुर पटोरी बाजार को भीषण जाम के झाम से निजात दिलाने के लिए नगर परिषद ने अब कमर कस ली है।

शुक्रवार को सभापति प्रियंका सुमन की अध्यक्षता और कार्यपालक पदाधिकारी अजय कुमार के संचालन में आयोजित सामान्य बोर्ड की बैठक में कई बड़े फैसले लिए गए।

इसके तहत अब दिन में 11 बजे से लेकर शाम सात बजे तक बाजार क्षेत्र में भारी व बड़े वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह पाबंदी रहेगी।

पांच जगह निजी ट्रैफिक वार्डन

यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और नियमों का पालन कराने के लिए नगर परिषद ने अपनी तरफ से निजी ट्रैफिक वार्डन नियुक्त करने का बड़ा फैसला किया है।

इन वार्डनों को बाजार के पांच सबसे व्यस्त चौराहों— सोमवारी हाट, सिनेमा चौक, कवि चौक, चंदन चौक और पुरानी बाजार में तैनात किया जाएगा।

यह टीम बाजार में वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करेगी ताकि रोजाना लगने वाले जाम से आम लोगों को राहत मिल सके।

तीन एंट्री प्वाइंट पर बैरियर

बड़े वाहनों की एंट्री को पूरी तरह रोकने के लिए बाजार के तीन प्रमुख प्रवेश द्वारों पर पक्के बैरियर लगाए जाएंगे। यह बैरियर पुरानी बाजार के जगदंबा स्थान, पटोरी-जंदाहा मार्ग स्थित बैल हाट और शाहपुर उंडी के भगवान बाबू चौक के पास बनाए जाएंगे।

निर्धारित समय (सुबह 11 से शाम 7 बजे) के दौरान इन बैरियरों को बंद रखकर भारी गाड़ियों को बाजार के अंदर घुसने से रोका जाएगा।

बिजली के पोल होंगे शिफ्ट

सड़कों पर बेवजह जगह घेर रहे बिजली के खंभों को भी अब सरकारी जमीन के एकदम किनारे शिफ्ट किया जाएगा। इसके लिए सात सदस्यीय एक विशेष कमेटी बनाई गई है, जिसमें बिजली विभाग के जेई, नगर परिषद के ईओ, सभापति, उपसभापति, कनीय अभियंता और दो पार्षद शामिल हैं।

बैठक में मौजूद उपसभापति संजय कुमार उर्फ राजू चौधरी और प्रशासनिक अधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि इन सख्त कदमों से पटोरी की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।

यह भी पढ़ें- समस्तीपुर में जाम से राहत की नई पहल, अब सड़कों पर ट्रैफिक वालंटियर संभालेंगे व्यवस्था