'दुकान की सीमा में ही रखें सामान', समस्तीपुर में सुबह सड़कों पर निकले नगर आयुक्त ने दी चेतावनी
नगर आयुक्त गौतम कुमार ने समस्तीपुर में साफ-सफाई और अतिक्रमण की स्थिति का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने दुकानदारों को सीमा ...और पढ़ें

नगर आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि सड़क और सार्वजनिक जगह पर किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
HighLights
नगर आयुक्त ने समस्तीपुर में साफ-सफाई, अतिक्रमण का औचक निरीक्षण किया।
दुकानदारों को दुकान की सीमा में सामान रखने का निर्देश दिया।
अवैध ई-रिक्शा पार्किंग और सड़क अतिक्रमण पर कार्रवाई की चेतावनी।
जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। Samastipur Municipal Corporation: शहर की साफ-सफाई व्यवस्था और अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लेने के लिए नगर निगम आयुक्त गौतम कुमार बुधवार की सुबह औचक निरीक्षण पर निकले।
उन्होंने शहर के विभिन्न इलाकों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की स्थिति देखी। इस दौरान स्टेशन चौक पहुंचकर साफ-सफाई और सड़क किनारे अतिक्रमण का जायजा लिया।
दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश
स्टेशन चौक के आसपास कई दुकानदारों द्वारा दुकान के निर्धारित दायरे से बाहर सामान रखने पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने दुकानदारों को अपनी दुकान की सीमा के अंदर ही सामान रखने का निर्देश दिया।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि सड़क और सार्वजनिक जगह पर किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
टोटो पर भी होगी कार्रवाई
नगर आयुक्त ने चेतावनी दी कि निर्धारित दायरे से बाहर दुकान लगाने या सड़क पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नगर निगम की ओर से कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान सड़क पर बेतरतीब ढंग से खड़े ई-रिक्शा (टोटो) को लेकर भी उन्होंने सख्ती दिखाई। उन्होंने कहा कि सड़क पर अवैध रूप से टोटो खड़ा करने से यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है और आम लोगों को परेशानी होती है।
ऐसे वाहनों को सड़क पर खड़ा करने वालों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।
सफाई व्यवस्था पर जोर
नगर आयुक्त ने साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर संबंधित कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने सार्वजनिक स्थानों पर नियमित सफाई सुनिश्चित करने और सड़क किनारे गंदगी नहीं फैलने देने को कहा।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने शहर की यातायात व्यवस्था और पैदल चलने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सड़कों को अतिक्रमणमुक्त रखने पर जोर दिया।
नगर निगम प्रशासन के औचक निरीक्षण से स्टेशन चौक और आसपास के दुकानदारों में हलचल रही। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि शहर को व्यवस्थित रखने के लिए अतिक्रमण और सड़क पर अवैध पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
