समस्तीपुर के रोसड़ा में ज्वेलर्स से 20 ग्राम सोने के जेवर लूटे, हथियार दिखाकर फरार हुए बदमाश
Rosra Gold Jewellery Loot: समस्तीपुर के रोसड़ा में सुमन ज्वेलर्स से बाइक सवार बदमाशों ने करीब 20 ग्राम सोने के ...और पढ़ें

बदमाश जेवरात से भरा बाक्स लेकर बाहर खड़ी बाइक पर सवार हुआ और साथी के साथ रोसड़ा की ओर भाग निकला। जांच करती पुलिस।
HighLights
रोसड़ा में सुमन ज्वेलर्स से करीब 20 ग्राम सोने की लूट।
बाइक सवार दो बदमाशों ने हथियार दिखाकर वारदात को अंजाम दिया।
लूटे गए जेवरात की कीमत लगभग तीन लाख रुपये बताई गई।
जागरण संवाददाता, रोसड़ा (समस्तीपुर)। Samastipur Jewellery Shop Loot: थाना क्षेत्र के रोसड़ा-हथौड़ी कोठी पथ स्थित एरौत चौक पर शनिवार शाम करीब पांच बजे बाइक सवार बदमाशों ने सुमन ज्वेलर्स से करीब 20 ग्राम सोने के जेवर लूट लिए।
एक बाइक पर सवार होकर पहुंचे दो अज्ञात युवक वारदात को अंजाम देने के बाद रोसड़ा की ओर फरार हो गए। लूटे गए जेवरात की कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई गई है।
दुकान पर पहुंचे दोनों युवकों में एक बाइक पर ही बैठा रहा, जबकि दूसरा दुकान के अंदर गया। उसने दुकानदार से बच्चे के कान का सोने का झाला दिखाने को कहा।
दुकानदार ने सोने के जेवरात से भरा स्टील का बाक्स बाहर निकाला, इसी दौरान युवक बाक्स लेकर भागने लगा।
हथियार दिखाकर धमकाया
दुकानदार ने बदमाश को पकड़ने के लिए हाथ बढ़ाया तो उसने हथियार निकाल लिया। उसने दुकानदार को जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद वह जेवरात से भरा बाक्स लेकर बाहर खड़ी बाइक पर सवार हुआ और साथी के साथ रोसड़ा की ओर भाग निकला।
घटना के बाद दुकान संचालक ने इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी। पीड़ित दुकानदार की पहचान रोसड़ा के कठरबन्नी मोहल्ला निवासी रामनारायण ठाकुर के रूप में हुई है। लूट की घटना से आसपास के दुकानदारों में भी चिंता का माहौल है।
20 ग्राम सोने के जेवर
रामनारायण ठाकुर ने बताया कि टिफिन में सोने के झाला के दो जोड़े, हनुमानी के चार पीस, जिउतिया के चार पीस, मंगलसूत्र के तीन पीस और ढोलना के दो पीस रखे थे। बदमाश इन सभी जेवरात को लेकर फरार हो गए। कुल करीब 20 ग्राम सोने के जेवरात लूटे गए हैं।
घटना में शामिल दोनों बदमाशों की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और बदमाशों के भागने की दिशा समेत घटना से जुड़े अन्य बिंदुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।
