समस्तीपुर में होटल हेल्पर की संदिग्ध स्थिति में मौत, लंगड़ाते घर पहुंचा था युवक, दो दिन बाद दम तोड़ा
समस्तीपुर के सरायरंजन में 21 वर्षीय होटल हेल्पर अनिल कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह मंगलवार शाम ...और पढ़ें

अनिल कुमार (फाइल फोटो)। सौजन्य : स्वजन व सरायरंजन में मृतक के घर के बाहर मौजूद ग्रामीण। फोटो : जागरण
संवाद सहयोगी, सरायरंजन (समस्तीपुर)। जिले के सरायरंजन थाना क्षेत्र की वाजितपुर मेयारी पंचायत के वार्ड संख्या 12 निवासी नथुनी कापर के पुत्र अनिल कुमार (21) की गुरुवार सुबह संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई।
अनिल मुसरीघरारी स्थित एक होटल में हेल्पर का काम करता था। मंगलवार शाम वह टेंपो से लंगड़ाते हुए घर पहुंचा था।
अनिल की हालत देखकर स्वजन ने उससे पूछताछ की, लेकिन उसने अपने साथ हुई किसी घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। वह बार-बार पानी मांग रहा था।
स्वजन के अनुसार, उसकी स्थिति को सामान्य समझकर तत्काल उसे चिकित्सक के पास नहीं ले जाया गया।
बुधवार तक उसकी तबीयत में सुधार नहीं हुआ। गुरुवार सुबह अचानक उसकी मौत हो गई। इसके बाद स्वजन और ग्रामीणों ने जब उसके शरीर से कपड़ा हटाया तो कई जगह काले धब्बे दिखाई दिए।
शरीर पर काले धब्बे दिखाई देने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने युवक के साथ मारपीट अथवा करंट लगने की आशंका जताई है।
हालांकि, अनिल की मौत किस परिस्थिति में हुई, इसका अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी बिंदुओं पर मामले की जांच कर रही है। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया।
थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए साक्ष्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता चलेगा। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बताया गया कि अनिल तीन भाइयों में मंझला था। उसका बड़ा भाई सुनील कापर और छोटा भाई सचिन कापर बाहर रहकर मजदूरी करते हैं। अनिल घर पर रहकर मुसरीघरारी के एक होटल में हेल्पर का काम करता था।
अनिल के माता-पिता गांव में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। पुत्र की मौत के बाद मां सुनैना समेत परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
