समस्तीपुर के मुसरीघरारी में युवती से हथियार के बल पर सामूहिक दुष्कर्म, वीडियो आने पर केस दर्ज
Bihar Crime News Today: समस्तीपुर के मुसरीघरारी में एक 19 वर्षीय युवती से हथियार के बल पर सामूहिक दुष्कर्म का ...और पढ़ें

आरोप है कि दो युवकों ने दरिंदगी का वीडियो भी बना लिया।
संवाद सहयोगी, सरायरंजन (समस्तीपुर)। Samastipur Gang Rape News: मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के एक गांव में 19 वर्षीय युवती के साथ हथियार का भय दिखाकर सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है।
आरोप है कि दो युवकों ने दरिंदगी का वीडियो भी बना लिया और उसे वायरल करने की धमकी देकर पीड़िता व उसके स्वजनों को जान से मारने की बात कही।
घटना करीब पांच माह पुरानी बताई जा रही है, जिसका खुलासा हाल ही में वीडियो सामने आने के बाद हुआ।
मोबाइल पर आया वीडियो
प्राथमिकी के अनुसार आठ सितंबर को पीड़िता की मां के मोबाइल पर एक आपत्तिजनक वीडियो पहुंचा। वीडियो में पुत्री के साथ दो युवक कथित रूप से ज्यादती करते दिखे, जिसे देखकर परिजनों के होश उड़ गए।
मां द्वारा समझाने-बुझाने पर डरी-सहमी युवती ने पांच माह पूर्व घटी इस दर्दनाक घटना की पूरी सच्चाई बयां की।
खेत में बनाया बंधक
पीड़िता ने बताया कि रात में जब वह शौच के लिए गांव के खेत की तरफ गई थी, तभी घात लगाए बैठे दो युवकों ने उसे हथियार दिखाकर बंधक बना लिया। इसके बाद दोनों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया और मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।
आरोपितों ने किसी को भी बताने पर पूरे परिवार को खत्म करने और वीडियो प्रसारित करने की खुली धमकी दी थी।
लगातार मिल रही धमकी
पीड़िता के मुताबिक वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आरोपितों ने बाद में भी उसके साथ जबरन गलत काम किया। परिवार की बदनामी और जान के डर से युवती ने पांच महीने तक इस जुल्म को खामोशी से सहा।
मां के आवेदन पर मुसरीघरारी थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया कि जांच के आधार पर आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
