विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

समस्तीपुर के 681 किसानों को 26.15 लाख बोनस, तीन रुपये प्रति लीटर अनुदान भी

Published: Wed, 26 Aug 2026 07:03 PM (GMT+05:30)

चक्का खानपुर दुग्ध उत्पादक सहयोग समिति ने 681 किसानों को वित्तीय वर्ष 2022-25 के लिए 26.15 लाख रुपये का बोनस ...और पढ़ें

बुधवार को बोनस वितरण समारोह आयोजित किया गया।

बुधवार को बोनस वितरण समारोह आयोजित किया गया।

HighLights

  1. 681 दुग्ध उत्पादक किसानों को 26.15 लाख रुपये का बोनस मिला।

  2. किसानों को बाल्टी, कुकर, मिल्क केन जैसे उपहार भी दिए गए।

  3. दूध की कीमत के अतिरिक्त 3 रुपये प्रति लीटर अनुदान।

संवाद सहयोगी, खानपुर (समस्तीपुर)। Samastipur Farmers Bonus: प्रखंड की खानपुर उत्तरी पंचायत स्थित चक्का खानपुर दुग्ध उत्पादक सहयोग समिति लिमिटेड की ओर से बुधवार को बोनस वितरण समारोह आयोजित किया गया।

वित्तीय वर्ष 2022 से 2025 तक के लाभांश के रूप में समिति ने 681 दुग्ध उत्पादक किसानों के बीच कुल 26 लाख 15 हजार 240 रुपये का बोनस वितरित किया। किसानों को बाल्टी सेट, कुकर, मिल्क केन और ग्लास सेट उपहार स्वरूप दिए गए।

पांच किसान सम्मानित

समारोह का उद्घाटन मिथिला दुग्ध संघ के अध्यक्ष उमेश राय, समिति के सभापति सह अध्यक्ष चंद्र भूषण कुमार, निदेशक मंडल सदस्य राम विनोद पंडित, पथ प्रभारी सुरेश प्रसाद और प्रक्षेत्रक जितेंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष चंद्र भूषण कुमार ने की। अतिथियों का स्वागत सचिव सुरेश प्रसाद राय और संचालक कृष्ण कुमार पंकज ने पाग, चादर, माला और बुके देकर किया।

समिति में सर्वाधिक दूध देने वाले पांच किसानों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान पर रहे मनोज कुमार महतो को 18,765 रुपये बोनस के साथ बाल्टी सेट दिया गया।

नरेंद्र प्रसाद को 16,977 रुपये, भोला महतो को 13,697 रुपये, रमेश महतो को 11,090 रुपये और सियाराम महतो को 9,271 रुपये बोनस के साथ बाल्टी सेट प्रदान किया गया।

किसानों को उपहार भी

इसके अलावा 105 किसानों को कुकर, 235 किसानों को मिल्क केन और 56 किसानों को ग्लास सेट के साथ बोनस राशि दी गई। मिथिला दुग्ध संघ के अध्यक्ष उमेश राय ने कहा कि शुद्धता, सुगमता और सुलभता ही सुधा की पहचान है। पशुपालक किसानों के हित के लिए संघ लगातार काम कर रहा है।

उन्होंने बताया कि पशुओं को रोगमुक्त रखने और गुणवत्तापूर्ण दूध उत्पादन के लिए टीकाकरण की व्यवस्था की गई है। उन्नत नस्ल की मुर्रा नस्ल की पाड़ी लाई गई है, जो एक साल में 10 से 15 लीटर तक दूध देगी। अधिक दूध उत्पादन करने वाले किसानों को बिजली चालित चारा मशीन मुफ्त में उपलब्ध कराई जा रही है।

तीन रुपये प्रति लीटर अनुदान

समिति के सभापति चंद्र भूषण कुमार ने कहा कि चक्का खानपुर दुग्ध समिति क्षेत्र की सबसे पुरानी समितियों में है। यह गौरव की बात है कि समिति अपना 27वां बोनस वितरण कर रही है। उन्होंने बताया कि किसानों को दूध की कीमत के अतिरिक्त तीन रुपये प्रति लीटर अनुदान दिया जाता है।

उन्होंने अनुदानित दर पर गाय-भैंस और पशु चारा उपलब्ध कराने की भी जानकारी दी। मौके पर प्रबंध कार्यकारिणी सदस्य विष्णुदेव महतो, तेज नारायण महतो, सुरेश महतो, राम लखन महतो, धर्मशीला देवी, प्रमिला देवी सहित अन्य किसान मौजूद थे।