समस्तीपुर में पूर्व विधायक पुत्र के अपहरण व मारपीट मामले में चिमनी मालिक गिरफ्तार
समस्तीपुर के वारिसनगर में पूर्व विधायक के पुत्र नरेंद्र प्रसाद सिंह के अपहरण और मारपीट मामले में पुलिस ने एक ...और पढ़ें

वारिसनगर पुलिस ने उसे शुक्रवार को जिला समाहरणालय परिसर से गिरफ्तार किया।
संवाद सहयोगी, वारिसनगर (समस्तीपुर)। Samastipur Kidnap Case: जिले के वारिसनगर थाना क्षेत्र में डेढ़ माह पहले पूर्व विधायक स्व. बशिष्ठ नारायण सिंह के पुत्र नरेन्द्र प्रसाद सिंह को बाइक से जबरन उतारकर ले जाने और मारपीट करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान सतमलपुर निवासी चिमनी मालिक मो. शोएब आजम के रूप में हुई है। वारिसनगर पुलिस ने उसे शुक्रवार को जिला समाहरणालय परिसर से गिरफ्तार किया।
सतमलपुर के ईंट उद्योग में ले गए
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के बाद आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। बताया गया कि नरेन्द्र प्रसाद सिंह 29 जुलाई की दोपहर समस्तीपुर स्थित अपने डेरा से सतमलपुर गए थे। शाम में लौटने के दौरान सतमलपुर पेट्रोल पंप के पास उनकी मुलाकात बेलाल राजा से हुई।
बेलाल राजा ने उन्हें अपने एक परिचित की बाइक पर बैठाकर समस्तीपुर भेज दिया। आरोप है कि नागरबस्ती के समीप दो बाइक पर सवार छह युवकों ने ओवरटेक कर बाइक रोक दी।
इसके बाद सतमलपुर निवासी मो. शोएब के पुत्र आकीब और शाकिब ने नरेन्द्र प्रसाद सिंह का मोबाइल छीन लिया और जबरन बाइक पर बैठाकर सतमलपुर स्थित अपने ईंट उद्योग परिसर में ले गए।
सादा स्टांप पर हस्ताक्षर का आरोप
आरोप है कि ईंट उद्योग परिसर में नरेन्द्र प्रसाद सिंह के साथ मारपीट की गई। इसके अलावा सादा स्टांप पेपर और सादे कागज पर हस्ताक्षर कराने का प्रयास किया गया।
इसी बीच घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय मुखिया पुत्र बेलाल राजा मौके पर पहुंचे और उन्हें आरोपितों के चंगुल से मुक्त कराकर अपने घर ले गए।
घटना के अगले दिन नरेन्द्र प्रसाद सिंह के आवेदन पर वारिसनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले के अनुसंधानकर्ता दारोगा अमर कुमार की जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपित चिमनी मालिक मो. शोएब आजम को गिरफ्तार किया।
अन्य आरोपितों की भूमिका की जांच
वारिसनगर थानाध्यक्ष सर्वेश कुमार झा ने बताया कि अनुसंधान के दौरान मिले तथ्यों और जांच रिपोर्ट के आधार पर आरोपित की गिरफ्तारी की गई है। उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में अन्य आरोपितों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
