समस्तीपुर में डीएम ने जिला कोषागार की वित्तीय व्यवस्था परखी, काम में तेजी लाने का दिया निर्देश
समस्तीपुर के डीएम रोशन कुशवाहा ने जिला कोषागार का निरीक्षण कर वित्तीय एवं प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने समयबद्धता, ...और पढ़ें

जिला कोषागार के निरीक्षण के दौरान संचिका का अवलोकन करते जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा व उपस्थित अन्य। फोटो: जिला प्रशासन
HighLights
डीएम ने जिला कोषागार का विस्तृत निरीक्षण किया।
वित्तीय अभिलेखों, ई-भुगतान और पेंशन की समीक्षा।
पारदर्शिता व समयबद्धता से कार्य करने के निर्देश।
जागरण संवाददाता, समस्तीपुर! जिला पदाधिकारी रोशन कुशवाहा ने शनिवार को जिला कोषागार का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कोषागार में संचालित वित्तीय एवं प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा की और संबंधित पदाधिकारियों से कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली।
डीएम ने विभिन्न पंजियों व वित्तीय अभिलेखों के संधारण, विपत्रों के निष्पादन, ई-भुगतान और पेंशन समेत अन्य वित्तीय मामलों की समीक्षा की।
समयबद्ध काम पर जोर
डीएम ने अधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित नियमों, वित्तीय प्रावधानों और विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कोषागार के स्ट्रांग रूम तथा महत्वपूर्ण अभिलेखों और दस्तावेजों के सुरक्षित रख-रखाव की व्यवस्था भी देखी। उन्होंने सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने तथा महत्वपूर्ण वित्तीय अभिलेखों को व्यवस्थित और सुरक्षित रखने का निर्देश दिया।
डीएम ने कोषागार परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के उचित रख-रखाव और कार्यालयीन व्यवस्था को भी दुरुस्त रखने को कहा। उन्होंने कहा कि कोषागार का कार्य सीधे सरकारी वित्तीय व्यवस्था से जुड़ा है। इसलिए प्रत्येक स्तर पर पारदर्शिता, जवाबदेही और वित्तीय नियमों का अनुपालन जरूरी है।
पारदर्शिता पर विशेष ध्यान
उन्होंने अधिकारियों व कर्मियों को अपने दायित्वों का पूरी तत्परता और जिम्मेदारी से निर्वहन करने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि कोषागार से जुड़े मामलों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।
प्राप्त मामलों का नियमानुसार त्वरित निष्पादन किया जाए, ताकि कर्मियों, पेंशनधारियों और अन्य लाभुकों को समय पर सुविधा मिल सके।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह, वरीय कोषागार पदाधिकारी रमेश कुमार बरनवाल, विशेष कार्य पदाधिकारी अली एकराम सहित अन्य पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे।
