विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाशिंग मशीन और दो लाख की रिश्वत में जेल गई रोसड़ा DCLR, अब आय से अधिक संपत्ति की जांच में निगरानी का शिकंजा

Published: Tue, 01 Sep 2026 10:12 PM (IST)

रोसड़ा की डीसीएलआर कंचन कुमारी झा के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में कार्रवाई की तैयारी है। निगरानी टीम ...और पढ़ें

परिवादी की मौजूदगी में जांच पड़ताल करती निगरानी टीम। जागरण

परिवादी की मौजूदगी में जांच पड़ताल करती निगरानी टीम। जागरण

HighLights

  1. डीसीएलआर कंचन कुमारी झा पर आय से अधिक संपत्ति का आरोप।

  2. निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम कर रही है गहन जांच।

  3. आवास से 13.82 लाख और बैंक में 10 लाख रुपये मिले।

संवाद सहयोगी, रोसड़ा (समस्तीपुर)। रोसड़ा की भूमि सुधार उपसमाहर्ता (डीसीएलआर) कंचन कुमारी झा के विरुद्ध आय से अधिक संपत्ति मामले में भी कार्रवाई हो सकती है। मंगलवार को एक बार फिर निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम भूमि सुधार उपसमाहर्ता कार्यालय के कर्मियों से पूछताछ करने पहुंची।

वहां संचिकाओं व पंजियों की सघन जांच की। परिवादी द्वारा उसकी संचिका गायब होने की शिकायत पर भी संज्ञान लेते हुए पड़ताल में जुटी रही। विभाग के डीएसपी नरेन्द्र कुमार ने बताया कि विगत 27 अगस्त को वाशिंग मशीन एवं दो लाख रुपया रिश्वत लेते गिरफ्तार डीसीएलआर की चल-अचल संपत्ति की जांच की जा रही है।

जांच में आय से अधिक संपत्ति अर्जित करना प्रमाणित होने पर इस मामले में भी प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। छापामारी के समय आवास से 13 लाख 82 हजार रुपये बरामद होने के साथ उनके बैंक खाते में भी करीब 10 लाख रुपये मिले।

उक्त रकम के स्रोतों की भी विस्तृत जांच की जा रही है। इसी क्रम में कार्यालय पहुंच उनके वेतन विवरणी के साथ साथ परिवादी एवं अन्य स्रोतों से मिली जानकारी के तहत संचिकाओं की जांच की जा रही है। उन्होंने परिवादी द्वारा उसकी संचिका गायब होने की शिकायत पर भी पूछताछ एवं जांच करने की बात कही।

परिवादी मनोज कुमार के साथ पहुंचे कांड के अनुसंधानकर्ता डीएसपी शिवप्रसाद ने भी निर्धारित समय के अंदर आरोप पत्र न्यायालय में समर्पित करना प्राथमिकता बताते हुए उक्त आलोक में ही कार्यालय के कर्मियों एवं इससे जुड़े अन्य लोगों से पूछताछ कर जानकारी हासिल करने एवं संचिका व पंजी का विधिवत सत्यापन करने की बात कही।

दंडाधिकारी के समक्ष खुलेगी आलमारी

अधिकारियों ने कहा कि परिवादी के साथ साथ कई संचिकाएं आलमारी में बंद हैं। उसकी भी जांच तथा सत्यापन आवश्यक है। इसके मद्देनजर अनुमंडल पदाधिकारी से दंडाधिकारी तैनात करने के लिए पत्राचार किया जा रहा है।

प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी के समक्ष आलमारी खोलकर प्राप्त संचिकाओं की इन्वेंटरी तैयार की जाएगी। 27 अगस्त निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की 13 सदस्यीय टीम द्वारा की गई कार्रवाई में डीसीएलआर कंचन कुमारी झा तथा घरेलू नौकर सुमित कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। उनके आवास से भी मोटी रकम बरामद की गई थी।