मधुबनी-कोलकाता और रक्सौल-हावड़ा के बीच चलेंगी पूजा स्पेशल ट्रेनें, त्योहारी सीजन में रेल यात्रियों को राहत
त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट को देखते हुए रेलवे ने मधुबनी-कोलकाता और रक्सौल-हावड़ा के बीच स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है।
-1789371242027_m.webp)
एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
त्योहारी सीजन में यात्रियों की भीड़ कम करने हेतु विशेष ट्रेनें।
मधुबनी-कोलकाता और रक्सौल-हावड़ा के बीच होगा परिचालन।
दुर्गापूजा, दीपावली, छठ पर यात्रियों को मिलेगी बड़ी सुविधा।
जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। त्योहारी सीजन में ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों को राहत देने की तैयारी शुरू कर दी है।
मधुबनी से समस्तीपुर होते हुए कोलकाता तथा रक्सौल से हावड़ा के बीच स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा। इन ट्रेनों के चलने से दुर्गापूजा, दीपावली और छठ के दौरान घर आने-जाने वाले यात्रियों को काफी सहूलियत मिलने की उम्मीद है।
दोनों स्पेशल ट्रेनों में चार वातानुकूलित, 10 स्लीपर और छह सामान्य श्रेणी के कोच होंगे। मधुबनी-कोलकाता स्पेशल ट्रेन समस्तीपुर, दरभंगा, बरौनी, झाझा, जसीडीह और आसनसोल के रास्ते कोलकाता पहुंचेगी।
13 अक्टूबर से चलेगी मधुबनी-कोलकाता स्पेशल
ट्रेन संख्या 03185/86 मधुबनी-कोलकाता स्पेशल का परिचालन 13 अक्टूबर से 24 नवंबर तक किया जाएगा। जानकारी के अनुसार, मधुबनी से यह ट्रेन बुधवार को और कोलकाता से मंगलवार को रवाना होगी।
मधुबनी से ट्रेन शाम 5:20 बजे चलेगी और रात 7:30 बजे समस्तीपुर पहुंचेगी। इसके बाद दरभंगा, बरौनी, झाझा, जसीडीह और आसनसोल होते हुए अगले दिन दोपहर 12:45 बजे कोलकाता पहुंचेगी।
रक्सौल-हावड़ा के बीच भी स्पेशल ट्रेन
ट्रेन संख्या 03041/42 के तहत रक्सौल-हावड़ा और हावड़ा-रक्सौल स्पेशल ट्रेन का भी परिचालन होगा। रक्सौल से ट्रेन शाम 5:45 बजे चलेगी और रात 10:10 बजे समस्तीपुर पहुंचेगी।
इसके बाद 11:45 बजे बरौनी पहुंचेगी और विभिन्न स्टेशनों से होते हुए अगले दिन दोपहर 12:15 बजे हावड़ा पहुंचेगी। रक्सौल-हावड़ा स्पेशल गुरुवार और हावड़ा-रक्सौल स्पेशल शुक्रवार को चलेगी।
पूजा स्पेशल ट्रेनों की घोषणा का इंतजार
त्योहारी सीजन में नियमित ट्रेनों में अभी से लंबी वेटिंग लिस्ट शुरू हो गई है। ऐसे में यात्रियों को तत्काल टिकट के साथ रेलवे की ओर से घोषित की जाने वाली पूजा स्पेशल ट्रेनों का इंतजार है।
