डेंगू से होमियोपैथी चिकित्सक की मौत, एक ही परिवार में चार बीमार
पिछले कुछ दिनों से डेंगू का कहर जारी है। इससे कई लोग पीड़ित हैं।
समस्तीपुर। पिछले कुछ दिनों से डेंगू का कहर जारी है। इससे कई लोग पीड़ित हैं। इसी क्रम में रविवार को घाट नवादा निवासी अशोक महतो के पुत्र राजीव कुमार महतो (30) की मौत हो गई। वे होमियोपैथी के चिकित्सक थे। जबकि उसी परिवार में तीन अन्य लोग मृतक राजीव महतो की पत्नी विभा देवी, पुत्री रुचि कुमारी (10), संजीत महतो और उमेश महतो की पत्नी पार्वती देवी बीमार हैं। बताया जाता कि मृतक राजीव पिछले चार दिनों से डेंगू मच्छर के काटने से बीमार थे। शहर के चिकित्सक डॉ. सीपी गुप्ता के यहां डेंगू होने की पुष्टि के बाद नाजुक हालत में राजीव महतो और परिवार के अन्य सदस्यों को इलाज के लिए पटना के जाया गया था। जहां इलाज के क्रम में राजीव की मौत हो गई। वही अन्य का इलाज चल रहा है। घटना के बाद परिवार पर मुसीबत का पहाड़ टूट पड़ा है। हर एक सदस्य डेंगू से बीमार हैं। बताते चलें कि पिछले कुछ दिनों से दलसिंहसराय शहरी क्षेत्र से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में डेंगू की चपेट में आने से दर्जनों लोग बीमार हो रहे है। आश्चर्य की बात तो यह है कि बावजूद स्वास्थ्य महकमा और नगर पंचायत खामोश बैठा है। इसकी रोकथाम को लेकर कोई कदम नहीं उठाया गया है।