Bihar Weather Update : किसानों के लिए अहम है अगले 5 दिन का मौसम, सरसों की बुआई जल्द करें
उत्तर बिहार में अगले कुछ दिनों तक मौसम सामान्य रहेगा, हालांकि 17-18 अक्टूबर को हल्की बारिश की संभावना है। कृषि ...और पढ़ें

North Bihar Weather : इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
उत्तर बिहार में 14-18 अक्टूबर तक शुष्क मौसम।
17-18 अक्टूबर को कहीं-कहीं हल्की वर्षा संभव।
सरसों, चना बुआई के लिए किसानों को महत्वपूर्ण सलाह।
संवाद सहयोगी, पूसा (समस्तीपुर)। उत्तर बिहार में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज सामान्य रहने का अनुमान है। हालांकि, 17 और 18 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर बहुत हल्की बारिश हो सकती है।
ऐसे में किसानों के लिए यह समय खेती-किसानी की तैयारियों को पूरा करने का है। मौसम को देखते हुए कृषि वैज्ञानिकों ने सरसों और चना की बुआई को लेकर जरूरी सलाह दी है।
14 से 18 अक्टूबर तक शुष्क रहेगा मौसम
डा. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा केंद्र और भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, 14 से 18 अक्टूबर तक उत्तर बिहार में मौसम सामान्यतः शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान व्यापक बारिश के आसार नहीं हैं। हालांकि, 17 और 18 अक्टूबर के आसपास कहीं-कहीं बहुत हल्की वर्षा हो सकती है।
35 डिग्री तक पहुंचेगा अधिकतम तापमान
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, इस अवधि में अधिकतम तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। सुबह के समय सापेक्ष आर्द्रता 70 से 85 प्रतिशत तक रहने का अनुमान है। वहीं, दोपहर में इसके घटकर 45 से 55 प्रतिशत रहने की संभावना है।
10 किलोमीटर की रफ्तार से चलेगी हवा
उत्तर बिहार में इस दौरान दक्षिण-पूर्वी दिशा से पूरबा हवा चलने की संभावना है। हवा की गति आठ से 10 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है। मौसम में होने वाले इन बदलावों को ध्यान में रखकर किसानों को कृषि कार्यों की योजना बनाने की सलाह दी गई है।
सरसों और चना की बुआई पर जोर
कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को सरसों की बुआई अक्टूबर के तीसरे सप्ताह तक पूरी करने की सलाह दी है। वहीं, चना की बुआई 15 अक्टूबर से शुरू करने को कहा गया है। किसानों को मौसम की स्थिति और खेतों में नमी को ध्यान में रखकर बुआई की तैयारी करनी चाहिए, ताकि समय पर फसल की शुरुआत हो सके।
