मुजफ्फरपुर जंक्शन ने यात्री किराए से सर्वाधिक आय अर्जित की, दरभंगा और समस्तीपुर भी शीर्ष पर
Samastipur Rail Division Earning: मुजफ्फरपुर जंक्शन यात्री किराए से होने वाली आमदनी में रेल मंडल में अव्वल रहा है, जिसने ...और पढ़ें

मुजफ्फरपुर जंक्शन से रेलवे को 205 करोड़ 86 लाख 91 हजार 396 रुपये की आय प्राप्त हुई। फाइल फोटो
HighLights
मुजफ्फरपुर जंक्शन यात्री किराए से आय में रेल मंडल में अव्वल।
सात महीनों में मुजफ्फरपुर ने 205 करोड़ से अधिक राजस्व कमाया।
दरभंगा दूसरे और समस्तीपुर तीसरे स्थान पर, आरटीआई से जानकारी।
जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। Muzaffarpur Junction Revenue: रेल मंडल के प्रमुख स्टेशनों से यात्री किराए से होने वाली आमदनी में मुजफ्फरपुर जंक्शन अव्वल रहा है।
एक जनवरी से 31 जुलाई 2026 तक के सात महीनों में मुजफ्फरपुर जंक्शन से रेलवे को 205 करोड़ 86 लाख 91 हजार 396 रुपये की आय प्राप्त हुई।
इस समयावधि के दौरान स्टेशन से कुल 1 करोड़ 13 लाख 83 हजार 396 यात्रियों ने सफर किया।
सूचना का अधिकार अधिनियम
आय अर्जित करने के मामले में मुजफ्फरपुर के बाद दरभंगा दूसरे और समस्तीपुर तीसरे स्थान पर दर्ज किया गया। सूचना का अधिकार अधिनियम (RTI) के तहत सामने आए आंकड़ों के अनुसार सात माह में दरभंगा से रेलवे को 124 करोड़ 60 लाख 45 हजार 141 रुपये मिले। इस दौरान दरभंगा स्टेशन से कुल 77 लाख 41 हजार 446 यात्रियों का आवागमन हुआ।
यात्री संख्या का अंतर
समस्तीपुर जंक्शन ने इस अवधि में 104 करोड़ 5 लाख 19 हजार 214 रुपये की राजस्व आय दर्ज कराई। यहां कुल 84 लाख 25 हजार 825 यात्रियों का फुटफाल रिकॉर्ड किया गया।
समस्तीपुर यात्रियों की तादाद के लिहाज से दरभंगा से आगे रहा, हालांकि कुल आय के मामले में दरभंगा दूसरे पायदान पर काबिज रहा।
सहरसा और मोतिहारी
सहरसा जंक्शन भी मंडल में प्रमुख आय देने वाले शीर्ष स्टेशनों में मजबूती से शामिल रहा। सहरसा से बीते सात माह में 62 करोड़ 59 लाख 36 हजार 456 रुपये की कमाई हुई और 56 लाख 22 हजार 686 यात्री पहुंचे।
बापूधाम मोतिहारी स्टेशन से रेलवे को 36 करोड़ 38 लाख 38 हजार 153 रुपये मिले, जहां कुल 28 लाख 55 हजार 389 यात्री दर्ज हुए।
सीमावर्ती स्टेशनों की स्थिति
नेपाल सीमा से सटे अहम रक्सौल जंक्शन से सात माह में 31 करोड़ 31 लाख 59 हजार 968 रुपये का राजस्व मिला।
रक्सौल से 23 लाख 89 हजार 160 लोगों ने यात्रा की, जबकि जयनगर से 31 करोड़ 16 लाख 84 हजार 722 रुपये की आय आई। जयनगर स्टेशन पर कुल 20 लाख 36 हजार 340 यात्रियों की आवाजाही दर्ज की गई।
सीतामढ़ी स्टेशन से 25.8 करोड़
सीतामढ़ी स्टेशन से सात महीनों के भीतर 25 करोड़ 81 लाख 28 हजार 367 रुपये का किराया मिला और 23 लाख 38 हजार 456 यात्री पहुंचे। मधुबनी स्टेशन ने 25 करोड़ 3 लाख 95 हजार 272 रुपये जुटाए, जहां 18 लाख 90 हजार 790 यात्रियों का फुटफाल रहा।
बेतिया स्टेशन से रेलवे को 24 करोड़ 90 लाख 71 हजार 523 रुपये मिले और यहां 22 लाख 92 हजार 413 यात्री आए।
