मुखिया पुत्र पर जानलेवा हमले के विरोध में सड़क जाम
ग्राम पंचायत राज बेलसंडीतारा की वर्तमान मुखिया और क्षेत्र संख्या 37 की पूर्व जिला पार्षद किरण देवी के पुत्र सिद्धार्थ सौरव को बेखौफ स्कॉर्पियो सवार अपराधियों ने बीते 26 दिसम्बर की रात गोली मारकर जख्मी कर दिया था।
समस्तीपुर। ग्राम पंचायत राज बेलसंडीतारा की वर्तमान मुखिया और क्षेत्र संख्या 37 की पूर्व जिला पार्षद किरण देवी के पुत्र सिद्धार्थ सौरव को बेखौफ स्कॉर्पियो सवार अपराधियों ने बीते 26 दिसम्बर की रात गोली मारकर जख्मी कर दिया था। इसमें कार सवार सिद्धार्थ के पैर में गोली लगी थी। सिद्धार्थ का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है। घटना के विरोध में को शनिवार को आक्रोशित ग्रामीणों व मुखिया समर्थकों ने सिघियाघाट चौराहा के समीप समस्तीपुर-रोसड़ा मुख्य पथ को घंटों जाम कर दिया। इससे सड़कों पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। लोग वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेने को मजबूर हुए। इस दौरान लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर आगजनी भी की। पुलिस प्रशासन के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। लोग अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी करने की मांग कर रहे थे। थानाध्यक्ष कृष्ण चंद्र भारती के आश्वासन के बाद जाम समाप्त हुआ। बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कई बिदुओं पर मामले की जांच कर रही है।