डूबने से किशोर की मौत, गांव में मातम
सरायरंजन थाना क्षेत्र के नरघोघी गांव में रविवार की दोपहर तालाब में डूबने से एक किशोर की मौत हो गई।
समस्तीपुर । सरायरंजन थाना क्षेत्र के नरघोघी गांव में रविवार की दोपहर तालाब में डूबने से एक किशोर की मौत हो गई। उक्त किशोर को पानी से बाहर निकाल कर उसके परिजनों ने इलाज के लिए मुसरीघरारी स्थित एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान गांव के ही अशोक चौरसिया के पुत्र महिपाल कुमार चैरसिया (14) के रूप में की गई है। घटना के संबंध में मृतक के पिता ने बताया कि उनका बेटा नरघोघी पैक्स गोदाम के समीप तालाबनुमा बने एक गड्ढ़े के बगल में घूम रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह तालाब में जा गिरा। किशोर को पानी में गिरने के बाद बाहर नहीं
निकलते देख स्थानीय मजदूर शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर की आवाज पर बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गये। इनमें कुछ लोगों ने पानी में कूद कर उक्त किशोर की खोजबीन शुरु कर दी। काफी खोजबीन के बाद डूबे किशोर को पानी से बाहर निकाला। परिजनों ने उसे इलाज के लिए मुसरीघरारी स्थित एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। किशोर की मौत की खबर सुनते ही मृतक के पिता अशोक चैरसिया, मां विभा देवी, बहन सीमा कुमारी समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल था। इस घटना से गांव में मातमी सन्नाटा है।