समस्तीपुर में एक युवक पर फायरिंग से हड़कंप, ग्रामीणों ने 2 हमलावरों को पकड़कर पीटा
समस्तीपुर के कल्याणपुर में अमन कुमार पर तीन हमलावरों ने पांच राउंड फायरिंग की, जिसमें वह बाल-बाल बच गए। ग्रामीणों ...और पढ़ें
HighLights
कल्याणपुर में अमन कुमार पर पांच राउंड फायरिंग हुई।
ग्रामीणों ने दो हमलावरों को पकड़कर पुलिस को सौंपा।
पुलिस मामले की जांच कर रही, एक हमलावर फरार।
जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। कल्याणपुर थाना क्षेत्र के बिरसिंहपुर स्थित पंप के समीप सोमवार की सुबह फूलहारा निवासी अमन कुमार पर तीन हमलावरों ने फायरिंग कर दी। करीब पांच राउंड गोली चलने की बात सामने आई है।
हालांकि, अमन कुमार बाल-बाल बच गए। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। इसी दौरान ग्रामीणों ने दो हमलावरों को पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों को ग्रामीणों के कब्जे से लेकर हिरासत में ले लिया। दोनों को पीएचसी में भर्ती कराया गया है। पकड़े गए आरोपितों की पहचान उजियारपुर थाना क्षेत्र के बेलामेघ गांव निवासी दिनेश कुमार के पुत्र रौशन कुमार तथा फैजूउर रहमान के पुत्र मो. फयाज के रूप में हुई है।
घटना में शामिल तीसरा हमलावर मौके से फरार हो गया। उसकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस छानबीन कर रही है। सुबह-सुबह हुई फायरिंग की घटना से इलाके में कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई।
सूचना पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लोगों से पूछताछ की तथा घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
फायरिंग में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। अमन इंटर पास है। पिता की चप्पल जूते की दुकान है। थानाध्यक्ष रणवीर राउत ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की है।
दो संदिग्ध हमलावरों को हिरासत में लिया गया है। अमन के आवेदन के आधार पर मामले में अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल स्थिति सामान्य है।
यह भी पढ़ें- सिवान में युवक की चाकू मारकर हत्या, घर से 100 मीटर दूर स्कूल के पास मिला शव; गांव में मचा हड़कंप
