विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

समस्तीपुर में कोचिंग जा रही इंटर की छात्रा को ट्रक ने कुचला, आक्रोशित लोगों ने जाम किया SH-88 

Published: Sat, 12 Sep 2026 11:33 AM (IST)

दलसिंहसराय में एसएच-88 पर एक ट्रक की चपेट में आने से इंटर की छात्रा अंजलि कुमारी की मौत हो गई। ...और पढ़ें

आक्रोशित लोगों ने की जाम किया स्टेट हाइवे। फोटो जागरण

आक्रोशित लोगों ने की जाम किया स्टेट हाइवे। फोटो जागरण

HighLights

  1. दलसिंहसराय में इंटर की छात्रा की ट्रक से कुचलकर मौत।

  2. हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने एसएच-88 किया जाम।

  3. पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी, जांच जारी।

संवाद सहयोगी, दलसिंहसराय (समस्तीपुर)। दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के एसएच-88 पर पगड़ा के समीप शनिवार को ट्रक की चपेट में आने से इंटर की एक छात्रा की मौत हो गई। मृतका की पहचान पांड पंचायत निवासी उमेश महतो की पुत्री अंजली कुमारी के रूप में हुई। वह घर से कोचिंग जाने के लिए निकली थी।

हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। छात्रा की मौत की सूचना मिलते ही स्वजन भी मौके पर पहुंचे। हादसे की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल था।

घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने एसएच-88 पर आवागमन रोककर सड़क जाम कर दिया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात बाधित रहा। सूचना मिलने पर दलसिंहसराय थानाध्यक्ष मो. इरशाद आलम पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

पुलिस ने हादसे की जानकारी ली और लोगों से बातचीत कर जाम समाप्त कराने का प्रयास शुरू किया। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच कर ट्रक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि एसएच-88 पर वाहनों की तेज रफ्तार के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। लोगों ने प्रशासन से वाहनों की गति पर नियंत्रण लगाने, सड़क पर निगरानी बढ़ाने और दुर्घटना में शामिल ट्रक व चालक का जल्द पता लगाने की मांग की है।

पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों और फरार ट्रक की पहचान को लेकर जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें- सीतामढ़ी में जिला पार्षद प्रतिनिधि की हत्या के बाद बवाल, भीड़ की पत्थरबाजी में SP घायल; गाड़ियों में तोड़फोड़