पदयात्रा कर जनसमस्याओं की ली जानकारी
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्यव्यापी अभियान के तहत स्थानीय कार्यकर्ताओं ने रोसड़ा के विभिन्न पंचायतों का पदयात्रा कर जनहित से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली।
समस्तीपुर । भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्यव्यापी अभियान के तहत स्थानीय कार्यकर्ताओं ने रोसड़ा के विभिन्न पंचायतों का पदयात्रा कर जनहित से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली। इस क्रम में सोमवार को मो.नगर पुरब पंचायत के विभिन्न गांवों में कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा किया तथा आमजनों की समस्याओं से रूबरू हुए। पद यात्रा के दौरान कहीं नल जल योजना पूरा नहीं होने, नाली के अभाव में जल जमाव, शौचालय योजना की राशि नहीं मिलने और आवास योजना की सूची में लाभार्थी का नाम दर्ज नहीं रहने की शिकायत प्राप्त हुई। मौके पर शामिल पार्टी के जिला मंत्री सुरेन्द्र कुमार सिंह मुन्ना ने सरकार की कथनी और करनी में अंतर बताते हुए गरीबों की योजनाओं का लाभ उन तक नहीं पहुंचने का आरोप लगाया। उन्होंने आम जनता से अपने हक और अधिकार को पाने के लिए संघर्षरत रहने का आह्वान किया। पद यात्रा का नेतृत्व रुमल यादव कर रहे थे। मौके पर रामचन्द्र यादव, राम प्रकाश महतो, मो.सईद, सुरेश पासवान, पंकज कुमार, अर्जुन राम, दिनेश राम, ओरसिल राम, धर्मेन्द्र यादव आदि भी शामिल थे।