शाहपुर पटोरी और दलसिंहसराय समेत 8 रेलवे स्टेशनों पर 96.99 करोड़ से पूरे होंगे अमृत भारत योजना के कार्य
Shahpur Patori Dalsingsarai Railway Station: सोनपुर रेल मंडल के आठ स्टेशनों, जिनमें शाहपुर पटोरी और दलसिंहसराय शामिल हैं, पर अमृत ...और पढ़ें

कार्यों को पूरा करने के लिए 15 महीने की समय-सीमा निर्धारित की गई है।
HighLights
सोनपुर मंडल के 8 स्टेशनों पर अमृत भारत योजना के कार्य।
शाहपुर पटोरी, दलसिंहसराय सहित अन्य स्टेशनों का विकास।
96.99 करोड़ की लागत से 15 माह में पूरा होगा काम।
जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। Amrit Bharat Station Scheme Samastipur: सोनपुर रेल मंडल के शाहपुर पटोरी और दलसिंहसराय समेत कुल आठ रेलवे स्टेशनों पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बचे हुए अधूरे कार्यों को पूरा कराने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
रेलवे द्वारा इसपर लगभग 96.99 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत खर्च की जाएगी, जिसके माध्यम से स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं को आधुनिक और बेहतर बनाने का काम किया जाएगा। इन सभी निर्माण कार्यों को पूरा करने के लिए 15 महीने की समय-सीमा निर्धारित की गई है।
इन स्टेशनों पर होगा विकास कार्य
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत सोनपुर रेल मंडल के शाहपुर पटोरी और दलसिंहसराय के अलावा दीघवारा, सोनपुर, हाजीपुर, भगवानपुर और रामदयालु नगर स्टेशनों पर शेष बचे विकास कार्य कराए जाएंगे।
इसके अंतर्गत सोनपुर और हाजीपुर स्टेशनों के पहले एवं दूसरे प्रवेश द्वार से जुड़े निर्माण कार्य भी शामिल हैं, जिससे इन प्रमुख स्टेशनों पर आवागमन और अधिक सुगम हो सकेगा।
सुविधाओं और सौंदर्यीकरण पर जोर
रेलवे की इस महत्वाकांक्षी योजना का मुख्य उद्देश्य स्टेशनों पर यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाएं जुटाना और परिसर का कायाकल्प करना है। इसके तहत यात्री हॉल व प्लेटफार्म पर आवश्यक उपकरणों और फर्नीचर की व्यवस्था, बागवानी (हॉर्टिकल्चर), लैंडस्केपिंग, अर्थवर्क और अन्य विविध निर्माण कार्य पूरे किए जाएंगे।
इन कार्यों के पूरा होने से स्टेशन परिसरों का स्वरूप पूरी तरह बदल जाएगा और यात्रियों को एक साफ-सुथरा व व्यवस्थित माहौल मिलेगा।
समय सीमा में काम करने का निर्देश
रेलवे प्रशासन ने सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप और तय 15 महीनों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा है।
शाहपुर पटोरी और दलसिंहसराय जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों पर इन बचे हुए कार्यों के पूरा होने से स्थानीय रेल यात्रियों को आवागमन में काफी सहूलियत होगी और क्षेत्र के रेल विकास को नई गति मिलेगी।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत सोनपुर रेल मंडल के आठ स्टेशनों पर शेष कार्यों को पूरा कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है। निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा कराकर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
सरस्वती चंद्र, सीपीआरओ, पूर्व मध्य रेल
